राजहरा बाबा मंदिर में फिर मंडराया भालू का खतरा, दहशत में पुजारी; मंदिर छोड़ने तक की नौबत

Darshan Balod
0


बार-बार भालू की मौजूदगी से श्रद्धालुओं और आसपास के लोगों में डर, वन विभाग की निगरानी व्यवस्था पर उठे सवाल

दल्लीराजहरा। दल्लीराजहरा के प्रसिद्ध राजहरा बाबा मंदिर परिसर में एक बार फिर भालू दिखाई देने से दहशत का माहौल बन गया है। मंदिर क्षेत्र में लगातार भालू की मौजूदगी से श्रद्धालुओं के साथ-साथ मंदिर के पुजारी और आसपास रहने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, क्षेत्र में भालू की आवाजाही पहले भी सामने आती रही है। इसके बावजूद वन विभाग की ओर से अब तक ऐसा कोई स्थायी और प्रभावी इंतजाम नजर नहीं आ रहा, जिससे लोगों को पूरी तरह सुरक्षा का भरोसा मिल सके।

डर के माहौल में पुजारी, मंदिर छोड़ने का बना रहे मन


भालू की लगातार मौजूदगी के कारण मंदिर के पुजारी भी भयभीत बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, सुरक्षा को लेकर वे मंदिर छोड़ने तक पर विचार कर रहे हैं। यदि ऐसा होता है तो यह स्थिति श्रद्धालुओं और मंदिर से जुड़े लोगों की चिंता को और बढ़ाने वाली होगी।

मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे में लोगों का कहना है कि यदि वन्यजीव और इंसानों का आमना-सामना हुआ तो गंभीर स्थिति उत्पन्न हो सकती है। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से भालू की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने और आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था करने की मांग की है।



लोगों का सवाल—बड़ी घटना का इंतजार क्यों?

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि भालू के बार-बार आबादी और मंदिर क्षेत्र के आसपास पहुंचने के बावजूद यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो किसी अप्रिय घटना की आशंका बनी रहेगी। लोगों ने वन विभाग से तत्काल कार्रवाई कर मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

दर्शन बालोद/डेली बालोद न्यूज की अपील: यदि कहीं भालू दिखाई दे तो उसके करीब जाने, उसे घेरने या छेड़ने की कोशिश न करें। सुरक्षित दूरी बनाए रखें और तत्काल संबंधित वन विभाग को सूचना दें।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top