जिले के प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी को हर माह आई-गोट कर्मयोगी पर न्यूनतम एक घंटे का कोर्स करना अनिवार्य

Darshan Balod
0



कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने सभी विभाग एवं कार्यालय प्रमुखों को दिए निर्देश, राजस्व अधिकारियों को समय-सीमा में प्रकरणों के निराकरण के निर्देश

बालोद, 21 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश के परिपालन में जिले के प्रत्येक विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए आई-गोट कर्मयोगी (iGOT Karmayogi) प्लेटफॉर्म पर प्रत्येक माह न्यूनतम एक घंटे का प्रशिक्षण कोर्स पूर्ण करना अनिवार्य किया गया है। इस संबंध में कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने जिले के सभी विभाग एवं कार्यालय प्रमुखों को आवश्यक निर्देश दिए हैं।

कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे स्वयं तथा अपने अधीनस्थ सभी अधिकारी-कर्मचारियों को प्रत्येक माह अनिवार्य रूप से आई-गोट कर्मयोगी प्लेटफॉर्म पर कम से कम एक घंटे का कोर्स पूर्ण कराएं। उन्होंने शासन के निर्देशों का प्रभावी रूप से पालन सुनिश्चित करने को कहा है।

राजस्व प्रकरणों का निर्धारित समयावधि में करें निराकरण : कलेक्टर

समीक्षा बैठक में राजस्व अधिकारियों को दिए निर्देश, नामांतरण एवं सीमांकन सहित विभिन्न प्रकरणों की हुई विस्तृत समीक्षा

बालोद, 21 अगस्त 2026। कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने जिले के सभी राजस्व अधिकारियों को राजस्व प्रकरणों का निराकरण निर्धारित समयावधि में सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। वे शुक्रवार को संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक में जिले में राजस्व प्रकरणों के निराकरण की स्थिति की समीक्षा कर रही थीं।

कलेक्टर ने राजस्व प्रकरणों के निराकरण की वर्तमान स्थिति की विस्तृत समीक्षा की और जिले में राजस्व प्रकरणों के निराकरण की स्थिति पर सराहना व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को अविवादित नामांतरण के प्रकरणों के निराकरण में और अधिक गति लाने के निर्देश दिए।

तहसीलवार प्रकरणों की हुई समीक्षा

बैठक में कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने तहसीलवार अविवादित एवं विवादित नामांतरण, खाता विभाजन, सीमांकन, व्यपवर्तन, अवैध वृक्ष कटाई, त्रुटिसुधार एवं ई-कोर्ट के प्रकरणों के निराकरण की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की।

इसके साथ ही नक्शा बटांकन, स्वामित्व योजना, डिजिटल क्रॉप सर्वेक्षण, एग्रीस्टेक पंजीयन, ऑटो डायवर्सन एवं संयुक्त वन सर्वेक्षण जैसे कार्यों की प्रगति की भी जानकारी ली गई।

राजस्व अमले के आई-गोट प्रशिक्षण की भी समीक्षा

कलेक्टर ने शासन के निर्देशानुसार राजस्व विभाग के सभी अधिकारी-कर्मचारियों को आई-गोट कर्मयोगी पोर्टल पर प्रत्येक माह प्रशिक्षण दिलाए जाने की स्थिति की भी समीक्षा की।

उन्होंने सभी राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे स्वयं तथा अपने अधीनस्थ सभी अधिकारी-कर्मचारियों का प्रतिमाह न्यूनतम एक घंटे का आई-गोट कर्मयोगी प्रशिक्षण अनिवार्य रूप से सुनिश्चित कराएं।

पट्टा वितरण और जनदर्शन के लंबित प्रकरणों पर भी हुई चर्चा

बैठक में जिले के सभी नगरीय निकायों में आवासहीन व्यक्तियों को पट्टा वितरण के लिए किए जा रहे सर्वेक्षण, मुख्यमंत्री जनदर्शन पोर्टल के लंबित प्रकरणों के निराकरण तथा असर्वेक्षित ग्रामों के सर्वेक्षण कार्य की प्रगति की भी विस्तृत समीक्षा की गई।

कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को कार्यों में आवश्यक गति लाते हुए शासन के निर्देशों के अनुरूप समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

बैठक में अपर कलेक्टर श्री चंद्रकांत कौशिक एवं श्री नूतन कंवर, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती मधुहर्ष सहित राजस्व अनुविभागीय अधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top