भाजपा प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने की कार्रवाई की मांग, कांग्रेस से माफी मांगने की भी अपील
रायपुर/बालोद। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर के नेतृत्व में शुक्रवार को एक प्रतिनिधिमंडल ने बालोद पुलिस अधीक्षक को शिकायत पत्र सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के सोशल मीडिया प्रमुख पर जनजाति समाज को कथित रूप से अपमानित एवं प्रताड़ित करने, जातिगत टिप्पणियां करने तथा लोगों को उकसाकर कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगाड़ने का आरोप लगाया है।
भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने शिकायत में संबंधित कांग्रेस नेताओं के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट सहित अन्य सुसंगत धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।
‘कांग्रेस झूठा नैरेटिव फैलाकर सरकार की छवि धूमिल कर रही’
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी अपना वजूद बचाने के लिए अब बेहद निचले स्तर तक गिर चुकी है। उनके अनुसार कांग्रेस और उसके नेता सोशल मीडिया के माध्यम से झूठा नैरेटिव फैलाकर जनता के बीच सरकार की छवि को धूमिल करने तथा जनजाति समाज को अपमानित करने का काम कर रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की नीति रही है कि सत्ता से बाहर होने पर सत्ता में बैठे लोगों के प्रति जनता में भ्रम पैदा किया जाए। इसी के विरोध में कांग्रेस नेताओं द्वारा फैलाए जा रहे कथित झूठ एवं भ्रामक प्रचार के खिलाफ पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट का आरोप
देवलाल ठाकुर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस लगातार जनजाति समाज को अपमानित करने के लिए नए-नए षड्यंत्र कर रही है। इसी कड़ी में प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के संबंध में सोशल मीडिया पर कथित रूप से अपमानजनक पोस्ट किए जाने का आरोप उन्होंने लगाया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सोशल मीडिया की राष्ट्रीय प्रमुख सुश्री सुप्रिया श्रीनेत की शह पर कांग्रेस की प्रदेश इकाई के प्रमुख द्वारा कथित रूप से यह पोस्ट किया गया, जिससे प्रदेश का जनजाति समाज आहत है।
कांग्रेस पर बदले की भावना से काम करने का आरोप
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पिछले चुनाव में अपनी पराजय के लिए जनजाति समाज को जिम्मेदार मानते हुए बदले की भावना और विद्वेष से इस तरह की गतिविधियां कर रही है। उन्होंने प्रदेश के आदिवासी क्षेत्रों की कथित खराब स्थिति के लिए भी कांग्रेस की नीतियों को जिम्मेदार ठहराया।
एससी-एसटी एक्ट के तहत कार्रवाई की मांग
भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने शिकायत में कांग्रेस के सोशल मीडिया के राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तर के संबंधित पदाधिकारियों के विरुद्ध एससी-एसटी एक्ट समेत अन्य सुसंगत धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल का कहना है कि ऐसी कार्रवाई आवश्यक है, ताकि जनजाति समाज की अस्मिता और सम्मान अक्षुण्ण रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने कांग्रेस पार्टी से कथित आपत्तिजनक पोस्ट के लिए माफी मांगने की भी मांग की। भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि कांग्रेस द्वारा माफी नहीं मांगी गई तो आदिवासी समाज कांग्रेस पार्टी के खिलाफ आंदोलन करेगा।
सर्व आदिवासी समाज के पदाधिकारी एवं सदस्य रहे मौजूद
इस दौरान सर्व आदिवासी समाज के अमाय नागवंशी, उपाध्यक्ष डोंडी हीरा ठाकुर, अध्यक्ष हल्बा आदिवासी समाज मोहन्तिन चोरका, अध्यक्ष हल्बा समाज निरंजन पटौदी, गोंड समाज तहसील उपाध्यक्ष डोमार नेताम, अध्यक्ष गोंड समाज लोहारा जीवराखन भुआर्य, उपाध्यक्ष लोहारा हल्बा समाज मदन महला, सर्किल अध्यक्ष हल्बा समाज रूपेश नायक, संजू मानकर, शिवराम सिन्द्रामे, साधना सोरी एवं डोमेन्द्र टेकाम सहित बालोद जिला सर्व आदिवासी समाज के लोग उपस्थित थे।
