जनदर्शन में तीन दिव्यांगजनों की राह हुई आसान, मिली ट्राईसिकल तो बोले—‘धन्यवाद विष्णु भैया’

Darshan Balod
0

 





कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने मौके पर ही उपलब्ध कराई सहायता, आत्मनिर्भरता की ओर बढ़े कदम

बालोद, 31 अगस्त 2026। संयुक्त जिला कार्यालय में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में सोमवार को सुशासन और मानवीय संवेदना की सुखद तस्वीर देखने को मिली। जनदर्शन में पहुंचे तीन दिव्यांगजनों को कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने मौके पर ही ट्राईसिकल प्रदान की। सहायता मिलने के बाद लाभार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का आभार व्यक्त करते हुए कहा—“धन्यवाद विष्णु भैया।”

जनदर्शन में दिव्यांगजनों की स्थिति एवं दिव्यांगता प्रतिशत का परीक्षण करने के बाद डौंडीलोहारा विकासखंड के ग्राम मनकी सा की टुमेश्वरी और ग्राम कोबा की शशिकला को 80 प्रतिशत दिव्यांगता होने पर आधुनिक बैटरी चालित ट्राईसिकल प्रदान की गई। वहीं बालोद विकासखंड के ग्राम तमोरा निवासी राजेश कुमार को 50 प्रतिशत दिव्यांगता होने पर सामान्य ट्राईसिकल प्रदान की गई।

अब बिना सहारे बैंक और समूह के काम कर सकेंगी टुमेश्वरी

ग्राम मनकी सा निवासी टुमेश्वरी ने बताया कि दिव्यांगता के कारण उन्हें आवागमन में काफी परेशानी होती थी और पिता या भाई पर निर्भर रहना पड़ता था। वे स्व-सहायता समूह से जुड़कर कार्य कर रही हैं। बैटरी चालित ट्राईसिकल मिलने के बाद अब वे बैंक आने-जाने सहित समूह से जुड़े कार्य स्वयं कर सकेंगी।

उन्होंने सहायता मिलने पर खुशी जताते हुए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया और कहा—“धन्यवाद विष्णु भैया।”

ट्राईसिकल से आसान होगा शशिकला का कारोबार

ग्राम कोबा निवासी शशिकला गांव में छोटी किराना दुकान संचालित करती हैं। दुकान आने-जाने और सामान खरीदने के लिए दूसरे गांव जाने में उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। अब बैटरी चालित ट्राईसिकल मिलने से उनका व्यवसाय और दैनिक जीवन दोनों सुगम होंगे।

शशिकला ने प्रशासन की त्वरित संवेदनशीलता की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि कम समय में मिली इस सहायता से उनका आत्मविश्वास बढ़ा है और वे अधिक स्वावलंबी होकर अपने कार्य आगे बढ़ा सकेंगी।

जनदर्शन में मिली इस सहायता ने तीनों दिव्यांगजनों के आवागमन की बाधाओं को कम करने के साथ उन्हें स्वावलंबन, आत्मसम्मान और गरिमा के साथ आगे बढ़ने का नया हौसला दिया है।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top