भाजपा की बयानबाजी पर गुंडरदेही विधायक का पलटवार, बोले—सड़कों की बदहाली और रुके विकास कार्यों पर जवाब दे सरकार
गुंडरदेही। भाजपा नेताओं द्वारा कांग्रेस के धरना-प्रदर्शन पर की गई बयानबाजी के बाद गुंडरदेही विधायक कुंवर सिंह निषाद ने पलटवार किया है। उन्होंने भाजपा पर सत्ता के अहंकार में जनता की समस्याओं से मुंह मोड़ने का आरोप लगाते हुए कहा कि क्षेत्र की बदहाल सड़कों, किसानों की समस्याओं और लंबित विकास कार्यों को लेकर आवाज उठाना जनप्रतिनिधि का दायित्व है।
विधायक निषाद ने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष और जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी जनता की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाना और उनके समाधान के लिए संघर्ष करना है। उन्होंने कहा, “यदि जनता के हक की लड़ाई लड़ना और सरकार को जगाने के लिए धरना-प्रदर्शन करना भाजपा की नजर में नौटंकी है, तो जनता के लिए यह नौटंकी हम बार-बार करेंगे।”
“भाजपा सरकार अपने 30 माह की उपलब्धियां बताए”
विधायक ने आरोप लगाया कि प्रदेश में भाजपा सरकार के कार्यकाल में विकास कार्यों की गति प्रभावित हुई है। उन्होंने क्षेत्र की सड़कों में गड्ढों, लंबित निर्माण कार्यों, स्वास्थ्य एवं शिक्षा से जुड़ी समस्याओं का उल्लेख करते हुए सरकार से इन मुद्दों पर जवाब देने की मांग की।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान गुंडरदेही क्षेत्र में सड़क, पुल-पुलिया, स्वास्थ्य और शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में कई विकास कार्य स्वीकृत एवं संचालित हुए थे। उनके अनुसार, वर्तमान सरकार को इन कार्यों को आगे बढ़ाने और क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं के समाधान पर ध्यान देना चाहिए।
“बयानबाजी के बजाय जनता की समस्याओं पर दें जवाब”
निषाद ने भाजपा नेताओं पर जनहित के मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए बयानबाजी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जब जनता सड़क, विकास, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं की मांग करती है, तब इन समस्याओं का समाधान कराने के बजाय विपक्ष पर आरोप लगाना उचित नहीं है।
“दबाव की राजनीति से डरने वाले नहीं”
विधायक ने कहा कि वे जनता की समस्याओं को लेकर अपनी आवाज उठाते रहेंगे। उन्होंने भाजपा नेताओं से बयानबाजी के बजाय सरकार में बैठे जिम्मेदार लोगों के माध्यम से गुंडरदेही क्षेत्र की बदहाल सड़कों की मरम्मत और लंबित विकास कार्यों के लिए आवश्यक बजट उपलब्ध कराने की मांग की।
उन्होंने कहा कि यदि जनता की बुनियादी समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

