बालोद। गोवा के अटल एथलेटिक्स स्टेडियम में आयोजित 37वीं वेस्ट जोन जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 में छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 40 पदक अपने नाम किए। इनमें 10 स्वर्ण, 18 रजत और 12 कांस्य पदक शामिल हैं। छत्तीसगढ़ की टीम ने प्रतियोगिता में कुल 116 अंक हासिल करते हुए चौथा स्थान प्राप्त किया। इस उपलब्धि में बालोद जिले के ग्राम सोरर निवासी युवा एथलीट तिलक बर्सेल का प्रदर्शन भी उल्लेखनीय रहा, जिन्होंने 100 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक तथा लंबी कूद में रजत पदक हासिल किया।
एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (AFI) के तत्वावधान में 27 से 29 सितंबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता में गुजरात, गोवा, राजस्थान, छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र के करीब 3500 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। खिलाड़ियों ने विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाओं में अपने राज्यों का प्रतिनिधित्व किया।
छत्तीसगढ़ की ओर से स्वर्ण पदक जीतने वालों में तिलक बर्सेल ने 100 मीटर दौड़, आदित्य कुमार ने 800 मीटर दौड़, निखिल वर्मा और मुकंद वर्मा ने लंबी कूद, राहित वेडेंजा ने ऊंची कूद, दिनकर एवं अनुराग एक्का ने 5000 मीटर पैदल चाल, हर्ष निषाद ने 1500 मीटर दौड़, नितेश मडियम ने किड्स भाला फेंक तथा मान्यता ने ऊंची कूद में स्वर्ण पदक हासिल किया।
रजत पदक जीतने वालों में तिलक बर्सेल ने लंबी कूद, बी. गणेश ने 400 मीटर दौड़, श्याम दुबे और सुमित साहू ने 5000 मीटर पैदल चाल, योगेंद्र सिंह ने 110 मीटर बाधा दौड़, शौर्य अग्रवाल ने भाला फेंक, दर्शनिका मिश्रा ने 100 मीटर दौड़, किरण ध्रुव ने 100 मीटर दौड़, पूनम ने भाला फेंक, तान्या केंवट ने 400 एवं 800 मीटर दौड़, हर्षा साहू ने 800 मीटर दौड़ तथा मनकुराम मुरामी ने किड्स भाला फेंक में पदक जीता। 18 वर्ष बालक एवं बालिका वर्ग की 1000 मीटर रिले टीमों ने भी रजत पदक हासिल किया।
वहीं तिलोक चंद ने 5000 मीटर दौड़, प्रांजल यादव ने 1500 मीटर दौड़, अभिषेक कुमार ने 400 मीटर दौड़, दंतेश्वरी ने 600 मीटर दौड़, रानू भोगामी ने 400 मीटर दौड़, किरण ध्रुव ने लंबी कूद, पायल मार्कंडे ने 5000 मीटर पैदल चाल, देवानंद साहू ने 200 मीटर दौड़, दर्शनिका मिश्रा ने 200 मीटर दौड़, आलोक सागर ने 1000 मीटर दौड़, राकेश सिंह ने 3000 मीटर स्टीपलचेज, पूनम राज ने भाला फेंक, सिद्धार्थ नागेश एवं अनंत कुमार साव ने गोला फेंक, संदीप पोर्ते ने हेप्टाथलॉन, कृष्णपाल सिंह एवं बीरेंद्र ध्रुवा ने रिले रेस तथा मनीष साहू ने मिड-डे रेस में पदक हासिल कर छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाया।
102 सदस्यीय दल ने किया प्रतिनिधित्व
छत्तीसगढ़ का 102 सदस्यीय दल प्रतियोगिता में शामिल हुआ। दल के मुख्य प्रबंधक सुदर्शन सिंह रहे। कोच एवं मैनेजर के रूप में अनिरुद्ध, हिमांशु चंद्राकर, स्नेह यादव, पायल दिल्लीवार, सुनीति निषाद, संदीप कुमार और कपिल चौधरी ने खिलाड़ियों के साथ महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
छत्तीसगढ़ एथलेटिक्स संघ की एडहॉक समिति के सदस्य परविंदर सिंह, जी.एस. बांबरा, रविशंकर धनगर, नीता डुमरे, रीतिका यादव, टी. निंगराज रेड्डी, सुनील नायर, आदित्य ठाकुर, दिनेश तांडी, आशीष जायसवाल, अनुप यदु, तुलसी साहू और पोमन लाल तारक सहित छत्तीसगढ़ एथलेटिक्स परिवार के सदस्यों ने खिलाड़ियों की उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस उपलब्धि की जानकारी जी. रविराजा ने दी। ग्राम सोरर के तिलक बर्सेल के दो पदक जीतने से बालोद जिले के खेलप्रेमियों और क्षेत्रवासियों में भी उत्साह है।









