सिवनी में गांजा बिक्री करते दो आरोपी गिरफ्तार, 1.436 किलो गांजा समेत 85,300 रुपये का माल जब्त

Darshan Balod
0

 



अटल विहार कॉलोनी के EWS क्वार्टर में पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दी दबिश, दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

बालोद। बालोद पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ग्राम सिवनी स्थित अटल विहार कॉलोनी के EWS/92 क्वार्टर से गांजा बिक्री के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से कुल 1.436 किलोग्राम गांजा, जिसकी कीमत करीब ₹69,300, तथा दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत ₹85,300 बताई गई है।

पुलिस के अनुसार 29 सितंबर 2026 को थाना बालोद को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम सिवनी अटल विहार कॉलोनी स्थित क्वार्टर नंबर EWS/92 में दो व्यक्ति बिक्री के लिए गांजा रखे हुए हैं। सूचना से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराने के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी और तलाशी की कार्रवाई की।

मौके पर मिले संदिग्धों से पूछताछ में उनकी पहचान टेकचंद साहू (24), निवासी वार्ड क्रमांक 11, नीचे पारा, ग्राम सिवनी तथा गौतेश कुमार साहू (26), निवासी वार्ड क्रमांक 7, स्कूल पारा, ग्राम सिवनी के रूप में हुई।

पुलिस की तलाशी कार्रवाई में दोनों के कब्जे से कुल 1.436 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। इसके अलावा टेकचंद साहू के कब्जे से Redmi Note 10 5G और गौतेश कुमार साहू के कब्जे से Samsung F15 5G मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना बालोद में अपराध क्रमांक 510/2026 दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों पर धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। दोनों को गिरफ्तार कर मामले में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा, उप निरीक्षक कमला यादव, सहायक उप निरीक्षक गौकरण भंडारी, आरक्षक भूपेश साहू, आरक्षक चुरेंद्र कुर्रे, आरक्षक बनवाली साहू एवं आरक्षक संजय सोनी की भूमिका रही।

बालोद पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार या बिक्री से संबंधित कोई भी जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। पुलिस ने कहा है कि अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top