70 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों की टीम ने असामाजिक तत्वों के ठिकानों और होटल-ढाबों को किया चेक, 51 वाहन चालकों पर एमवी एक्ट की कार्रवाई
दल्लीराजहरा, 18 सितंबर। शहर में कानून-व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखने तथा नशे और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से बालोद पुलिस ने दल्लीराजहरा में विशेष अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चौहान के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस की 11 टीमों ने एक साथ विभिन्न स्थानों पर दबिश दी। अभियान में जिले के करीब 70 पुलिस अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना एवं सीएसपी राजहरा विकास पाटले के पर्यवेक्षण में पुलिस टीमों ने शहर में पुलिस की निगरानी में रहने वाले तथा असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त चिन्हित व्यक्तियों के ठिकानों पर दबिश दी। इसके साथ ही शहर के विभिन्न होटल एवं ढाबों की भी जांच की गई।
पुलिस के अनुसार कार्रवाई के दौरान एक महिला के घर से 15 नग देशी प्लेन शराब बरामद की गई, जिसके संबंध में आबकारी एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई। वहीं एक ढाबे में शराब पिलाने वाले व्यक्ति के खिलाफ भी आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
गणेश उत्सव के दौरान पैदल फ्लैग मार्च
गणेश चतुर्थी पर्व के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस ने प्रमुख मार्गों, संवेदनशील क्षेत्रों एवं गणेश पंडालों में पैदल फ्लैग मार्च किया। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस की सक्रिय मौजूदगी से शहर में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा भी लिया गया।
इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 51 वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
ड्यूटी के बाद पुलिस अधीक्षक ने की डी-ब्रीफिंग
अभियान एवं कार्रवाई पूरी होने के बाद पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चौहान ने ड्यूटी में तैनात अधिकारी-कर्मचारियों की डी-ब्रीफिंग की। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा की गई ड्यूटी और सराहनीय कार्य के लिए उन्हें बधाई दी।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि इस तरह की कार्रवाई Visible Policing का महत्वपूर्ण हिस्सा है। पुलिस के अनुसार इससे आम जनता में सुरक्षा का भाव मजबूत होता है और असामाजिक तत्वों में कानून के प्रति भय बना रहता है। उन्होंने सूचना तंत्र को और अधिक मजबूत करने तथा समय-समय पर इस तरह की कार्रवाई के साथ पुलिस की सक्रिय उपस्थिति बनाए रखने के निर्देश दिए।
बालोद पुलिस ने कहा है कि असामाजिक एवं आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए इस प्रकार के अभियान आगे भी समय-समय पर जारी रहेंगे।



