शनिवार गतिविधि के तहत शासकीय आदर्श कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम, POCSO Act और व्यक्तिगत सुरक्षा पर भी हुई चर्चा
बालोद। शासकीय आदर्श कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय बालोद में शनिवार गतिविधि के अंतर्गत यातायात जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में यातायात शाखा बालोद से सब इंस्पेक्टर राधा बोरकर, आरक्षक चेतन सोनकर एवं डोमेंद्र बघेल उपस्थित रहे। पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को यातायात नियमों के साथ सड़क सुरक्षा और ऑनलाइन सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी।
सब इंस्पेक्टर राधा बोरकर ने छात्राओं को यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के उपयोग तथा सड़क पर जिम्मेदारीपूर्वक व्यवहार करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने सुरक्षित आवागमन के लिए यातायात नियमों को समझने और उनका पालन करने को आवश्यक बताया।
कार्यक्रम के दौरान POCSO Act के संबंध में भी छात्राओं को जागरूक किया गया। साथ ही Good Touch और Bad Touch, साइबर फ्रॉड तथा Instagram और Facebook जैसी सोशल मीडिया साइट्स के माध्यम से होने वाली गलत गतिविधियों और ऑनलाइन सुरक्षा को लेकर भी जानकारी दी गई। छात्राओं को समझाइश दी गई कि किसी भी संदिग्ध परिस्थिति में तत्काल अपने अभिभावक, शिक्षक या संबंधित अधिकारी को जानकारी दें।
राधा बोरकर ने छात्राओं को सतर्क एवं जागरूक रहने के साथ आत्मविश्वासी और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को सड़क सुरक्षा के साथ-साथ साइबर सुरक्षा और व्यक्तिगत सुरक्षा के प्रति सजग करना रहा।
कार्यक्रम में विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती हेमलता गंगबेर, वरिष्ठ व्याख्याता बी.आर. साहू, एम.के. ठावरे, बी.एन. योगी, साकेत वर्मा, राजेन्द्र वर्मा, अशरफ तिगाला, डी.एन. तिवारी, परमेश्वर देवांगन, पद्माकर, लेखा देवी, रिचा मीका, प्रमिला रामटेके सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
व्यायाम शिक्षक सूर्यकान्त सिन्हा ने बताया कि यह कार्यक्रम विद्यालय में संचालित शनिवार गतिविधि के अंतर्गत आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को यातायात नियमों, साइबर सुरक्षा, POCSO Act एवं व्यक्तिगत सुरक्षा के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें सजग और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना है।


