पंडालों से गूंजे ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारे, हवन-पूजन के साथ विसर्जन की तैयारियां शुरू
डौंडी। गणेश चतुर्थी के साथ 14 सितंबर से शुरू हुआ गणेश उत्सव अब विदाई के पड़ाव पर पहुंच गया है। पिछले 11 दिनों से डौंडी नगर के विभिन्न गणेश पंडालों और घरों में भगवान श्री गणेश की श्रद्धा और भक्ति के साथ पूजा-अर्चना, आरती एवं धार्मिक आयोजन किए गए। इस दौरान पूरा नगर ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारों से भक्तिमय नजर आया।
नगर की श्री नवजागरण गणेश उत्सव समिति, रानी तालाब जवाहर पारा और मौर्य मंडल गणेश उत्सव समिति, बाजार चौक सहित विभिन्न समितियों ने गणेश उत्सव को लेकर विशेष तैयारियां की थीं। पंडालों में प्रतिदिन पूजा-अर्चना और आरती के साथ श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने उत्सव में उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।
25 सितंबर को होगी बप्पा की विदाई
अब 25 सितंबर को अनंत चतुर्दशी के अवसर पर भगवान श्री गणेश की प्रतिमाओं के विसर्जन की तैयारियां शुरू हो गई हैं। समितियों और श्रद्धालुओं द्वारा हवन-पूजन, आरती और अन्य धार्मिक विधियों के साथ बप्पा को अंतिम विदाई देने की तैयारी की जा रही है।
ग्यारह दिनों तक चले इस भक्तिमय उत्सव के बाद अब नगर में विदाई की भावुकता का माहौल है। श्रद्धालु भगवान गणेश से सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए अगले वर्ष फिर उनके आगमन की प्रतीक्षा में हैं। उत्सव की विदाई के साथ एक बार फिर यही भाव गूंजेगा—‘गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ।’



