जुनवानी-चिखली सड़क का भूमिपूजन, 12 करोड़ से बनेगी सड़क

Darshan Balod
0

 




वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी, 30 किमी की दूरी घटकर करीब 5 किमी रह जाएगी; डौंडी और लोहारा के बीच बढ़ेगी कनेक्टिविटी

डौंडी (बालोद)। डौंडी विकासखंड के अंतिम छोर स्थित ग्राम जुनवानी से लोहारा विकासखंड के ग्राम चिखली तक बनने वाली बहुप्रतीक्षित सड़क का भूमिपूजन रविवार को प्रदेश भाजपा प्रवक्ता देवलाल ठाकुर के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। करीब 12 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस सड़क से वर्षों पुरानी ग्रामीणों की मांग पूरी होने जा रही है। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा नेता संजय बैस ने की।

भूमिपूजन स्थल पर सर्वप्रथम धरती माता एवं ग्राम देवी-देवताओं की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद ग्रामीणों ने पारंपरिक तरीके से अतिथियों का भव्य स्वागत किया। जुनवानी, चिखली सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण कार्यक्रम में शामिल हुए।

वर्षों पुराना सपना होगा साकार

ग्रामवासी हरिश्चंद्र नायक, सालिक राम और देवलाल कोर्राम ने बताया कि जुनवानी-चिखली सड़क निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही थी। कई बार भूमिपूजन होने के बावजूद राशि स्वीकृत नहीं होने के कारण निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका।

ग्रामीणों के अनुसार, इस बार उन्होंने अपनी समस्या प्रदेश भाजपा प्रवक्ता देवलाल ठाकुर के समक्ष रखी, जिसके बाद मामला मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तक पहुंचा और सड़क निर्माण के लिए करीब 12 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली। सड़क बनने के बाद वर्तमान में करीब 30 किलोमीटर की दूरी घटकर लगभग 5 किलोमीटर रह जाने की उम्मीद है।

किसानों, विद्यार्थियों और मरीजों को मिलेगा लाभ

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए भाजपा नेता संजय बैस ने कहा कि यह केवल सड़क का भूमिपूजन नहीं, बल्कि वर्षों से संघर्ष कर रहे जुनवानी और चिखली के ग्रामीणों की जीत है।

उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पहाड़ी क्षेत्र से होकर बनने वाली यह सड़क क्षेत्र के विकास को नई दिशा देगी। सड़क बनने से किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में सुविधा होगी। वहीं मरीजों को अस्पताल और विद्यार्थियों को स्कूल-कॉलेज तक पहुंचने में समय की बचत होगी। कुसुमकसा सहित आसपास के क्षेत्रों की व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है।

विकास की जीवनरेखा बनेगी सड़क : देवलाल ठाकुर

मुख्य अतिथि एवं प्रदेश भाजपा प्रवक्ता देवलाल ठाकुर ने कहा कि यह सड़क केवल दो गांवों को जोड़ने वाली सड़क नहीं, बल्कि डौंडी और लोहारा दोनों विकासखंडों के लोगों के बीच संपर्क और विकास की जीवनरेखा बनेगी।

उन्होंने कहा कि जुनवानी और चिखली के ग्रामीण लंबे समय से सड़क की मांग कर रहे थे। उनकी समस्या को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तक गंभीरता से पहुंचाया गया, जिसके परिणामस्वरूप सड़क निर्माण के लिए 12 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है।

देवलाल ठाकुर ने कहा कि सरकार धरातल पर विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। सड़क बनने से क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और व्यापार के क्षेत्र में सुविधाएं बढ़ेंगी। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र की अन्य महत्वपूर्ण मांगों को भी चरणबद्ध तरीके से पूरा कराने का प्रयास किया जाएगा।

कार्यक्रम में चिखली ग्राम पंचायत के सरपंच सहित जुनवानी, चिखली एवं आसपास के गांवों के सैकड़ों ग्रामीणजन उपस्थित रहे। सड़क का भूमिपूजन क्षेत्र के ग्रामीणों के लंबे संघर्ष के बाद मिली महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top