शिक्षा के क्षेत्र में सांकरा का परचम, व्याख्याता विवेक धुर्वे को मिला ‘एजुकेशन स्कल्पटर अवार्ड 2026’

Darshan Balod
0

 




बालोद। शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार और उत्कृष्ट अध्यापन के लिए शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सांकरा/ज के व्याख्याता विवेक धुर्वे को प्रतिष्ठित ‘एजुकेशन स्कल्पटर अवार्ड 2026’ से सम्मानित किया गया है। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, रचनात्मक प्रयोगों और शिक्षण के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए उन्हें यह राज्य स्तरीय सम्मान प्रदान किया गया।

राजधानी रायपुर स्थित कलिंगा यूनिवर्सिटी में आयोजित राज्य स्तरीय शैक्षिक संगोष्ठी सह सम्मान समारोह में छत्तीसगढ़ राज्य शिक्षा आयोग के अध्यक्ष एवं राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त सुधीर गौतम ने विवेक धुर्वे को सम्मान प्रदान किया। इस दौरान उनके शैक्षणिक कार्यों और नवाचारों की सराहना की गई।

प्रदेश के 125 से अधिक शिक्षाविदों का हुआ सम्मान

कार्यक्रम का आयोजन पंजीकृत संस्था एम.डी. एजुकेशन सोसाइटी, सरायपाली एवं ‘शिक्षा सारांश’ शैक्षिक मासिक पत्रिका के संयुक्त तत्वावधान में तथा कलिंगा यूनिवर्सिटी रायपुर के विशेष सहयोग से किया गया। समारोह में प्रदेशभर से शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 125 से अधिक चयनित शिक्षाविदों का सम्मान किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कलिंगा यूनिवर्सिटी के कुलसचिव डॉ. संदीप गांधी ने की। विशेष अतिथि के रूप में भूमि बिल्डकॉन एंड डेवलपर्स के प्रतिनिधि प्रमोद डेहरी एवं राज्य शिक्षक सम्मान से विभूषित डॉ. अनिल कुमार प्रधान (सह-संयोजक) उपस्थित रहे। अतिथियों ने सम्मानित शिक्षकों के समर्पण और योगदान की सराहना की।

स्मारिका एवं पत्रिका का हुआ विमोचन

समारोह के दौरान ‘शिक्षा सारांश’ मासिक पत्रिका तथा सम्मानित शिक्षकों की प्रेरक जीवन-गाथाओं एवं उनके शैक्षणिक नवाचारों पर आधारित विशेष स्मारिका का भी विमोचन किया गया।

विवेक धुर्वे को मिले इस राज्य स्तरीय सम्मान से शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सांकरा/ज के शिक्षक-शिक्षिकाओं, विद्यार्थियों एवं क्षेत्रवासियों में हर्ष का माहौल है। विद्यालय परिवार, शिक्षक साथियों, प्रबुद्ध नागरिकों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए इसे सांकरा क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top