राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान 2026 से सम्मानित हुईं शिक्षिका सुशीला साहू

Darshan Balod
0

 



नवाचारी शिक्षण, रचनात्मक गतिविधियों और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में योगदान के लिए मिला सम्मान

रायगढ़। शिक्षा को राष्ट्र की प्रगति की आधारशिला माना जाता है और इस दिशा में शिक्षकों की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। इसी क्रम में नवाचारी गतिविधियों एवं उत्कृष्ट शिक्षकीय कार्यों के लिए सुशीला साहू को राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान 2026 से सम्मानित किया गया।

यह सम्मान संस्था राष्ट्रीय शिक्षा अंजोर भारत द्वारा आयोजित स्व. श्री हरिवंश मिश्र राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान समारोह में प्रदान किया गया। समारोह की अध्यक्षता शिक्षाविद् एवं एनआर स्टील रायगढ़ के संस्थापक श्री संजय अग्रवाल ने की। मुख्य अतिथि श्री जगन्नाथ पाणिग्रही, इंडिपेंडेंट डायरेक्टर, ब्रेथवेट बर्न एंड जेसप कंस्ट्रक्शन कंपनी (बीबीजे), भारत सरकार के उद्योग मंत्रालय, तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में रायगढ़ के शिक्षाविद् श्री गुणनिधि सतपथी उपस्थित रहे।

सम्मानित शिक्षिका सुशीला साहू विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा में नवाचार, रचनात्मक गतिविधियों और गतिविधि आधारित शिक्षण को प्राथमिकता देती हैं। शिक्षण-अधिगम को प्रभावी और रुचिकर बनाने के लिए वे विभिन्न टीएलएम, खेल-खेल में सीखने तथा प्रयोगात्मक शिक्षण पद्धतियों का उपयोग करती हैं।

विद्यालय में रंगोली, पेंटिंग, फैंसी ड्रेस, नृत्य, राखी निर्माण, भाषण, कविता और पत्र लेखन जैसी विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन भी उनके प्रयासों का हिस्सा रहा है। वार्षिकोत्सव में विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए सम्मानित करने की परंपरा भी उनके द्वारा अपनाई जाती है। इन गतिविधियों का उद्देश्य बच्चों में सीखने के प्रति रुचि, आत्मविश्वास और रचनात्मक सोच विकसित करना है।

शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ सुशीला साहू सामाजिक एवं पर्यावरणीय सरोकारों से जुड़े कार्यों में भी विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास करती हैं। प्रकृति संरक्षण, स्वच्छता, सहयोग, संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी जैसे विषयों के प्रति बच्चों को जागरूक करने पर उनका विशेष जोर रहता है।

राष्ट्रीय शिक्षा अंजोर भारत द्वारा उनके इन प्रयासों को सराहते हुए राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान प्रदान किया गया। सम्मान प्राप्त करने के बाद सुशीला साहू ने इसे अपने लिए प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि वे भविष्य में भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए निरंतर नवाचार करती रहेंगी।

उनकी इस उपलब्धि पर परिवारजनों, विद्यालय परिवार, शिक्षकगण, पालकों एवं शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं। समारोह में राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं अतिथियों ने शिक्षक समुदाय की महत्ता पर प्रकाश डाला। अंत में राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री पूर्णानंद मिश्र ने आभार व्यक्त किया।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top