उदित कुमार निषाद ने ट्रिपल जंप में रजत, 4×100 रिले में कांस्य; खुशाल कुमार ने 110 मीटर हर्डल्स में जीता कांस्य
अरमरीकला/गुरुर। जगदलपुर में आयोजित 26वीं राज्य स्तरीय शालेय एथलेटिक्स क्रीड़ा प्रतियोगिता में जिला बालोद की ओर से दुर्ग संभाग का प्रतिनिधित्व करते हुए शासकीय स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, अरमरीकला के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। विद्यालय के प्रतिभावान खिलाड़ी उदित कुमार निषाद और खुशाल कुमार ने विभिन्न स्पर्धाओं में पदक हासिल कर विद्यालय, जिला बालोद और दुर्ग संभाग का गौरव बढ़ाया।
अंडर-17 बालक वर्ग की ट्रिपल जंप स्पर्धा में उदित कुमार निषाद ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया। इसके अलावा 4×100 मीटर रिले में भी उदित ने कांस्य पदक प्राप्त किया। वहीं 110 मीटर हर्डल्स स्पर्धा में खुशाल कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया।
प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में हासिल की सफलता
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि में उनके प्रशिक्षक शैलेन्द्र सिन्हा एवं अभिषेक जायसवाल का निरंतर मार्गदर्शन और प्रशिक्षण महत्वपूर्ण रहा। खिलाड़ियों ने नियमित अभ्यास के साथ तकनीकी दक्षता, फिटनेस, अनुशासन और प्रतियोगिता के अनुरूप तैयारी की, जिसका परिणाम राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पदक के रूप में सामने आया।
विद्यालय के प्राचार्य पी.एल. साहू ने पदक विजेता खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने बताया कि विद्यालय के विद्यार्थी प्रतिवर्ष एथलेटिक्स में राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेते हैं और पदक हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन करते हैं।
इस उपलब्धि पर जिला शिक्षा अधिकारी दीपक दुबे, सहायक क्रीड़ा अधिकारी स्वपन जेना एवं विकासखंड क्रीड़ा अधिकारी ज्ञान सिंह जुरासिया ने भी खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
विद्यालय परिवार ने कहा कि यह सफलता खिलाड़ियों की मेहनत, लगन, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। राज्य स्तर पर मिली इस उपलब्धि से विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों में भी खेलों के प्रति उत्साह और प्रेरणा बढ़ेगी। विद्यालय परिवार एवं ग्रामवासियों ने सभी खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

