सदगुरु श्री रामसूरत साहेब एवं स्वरूपलीन पूज्यपाद सदगुरु श्री अभिलाष साहेब जी की स्मृति में होगा आयोजन
बालोद। सदगुरु श्री रामसूरत साहेब जी एवं स्वरूपलीन पूज्यपाद सदगुरु श्री अभिलाष साहेब जी की स्मृति में सदगुरु कबीर आश्रम करहीभदर, बालोद में पांच दिवसीय ज्ञान एवं ध्यान शिविर का आयोजन 22 से 26 सितंबर 2026 तक किया जाएगा। मंगलवार से शनिवार तक चलने वाले इस शिविर में श्रद्धालुओं को ज्ञान, ध्यान, सत्संग, प्रवचन एवं भजन के माध्यम से आध्यात्मिक चिंतन का अवसर मिलेगा।
शिविर का आयोजन श्रद्धेय संत श्री गुरु भूषण साहेब जी के सानिध्य में किया जाएगा। आयोजकों ने बताया कि शिविर का उद्देश्य लोगों के जीवन में सच्ची भक्ति, ज्ञान एवं ध्यान की ज्योति प्रज्ज्वलित करना है। इस अवसर पर सभी श्रद्धालुओं एवं साधकों का हार्दिक स्वागत किया गया है।
तीन सत्रों में होंगे कार्यक्रम
शिविर के दौरान प्रतिदिन तीन सत्र आयोजित किए जाएंगे। सुबह 6 से 8 बजे तक ध्यान एवं सत्संग, दोपहर 3 से 5 बजे तक ज्ञान चर्चा एवं प्रवचन तथा शाम 7:30 से 9:30 बजे तक संध्या ध्यान एवं भजन का आयोजन होगा।
आयोजकों के अनुसार ध्यान अभ्यास से तनाव में कमी, एकाग्रता बढ़ाने, चिड़चिड़ापन कम करने और मानसिक शांति प्राप्त करने में सहायता मिल सकती है। शिविर में इन्हीं विषयों के साथ ज्ञान एवं ध्यान के विभिन्न पहलुओं पर मार्गदर्शन दिया जाएगा।
आयोजकों ने ध्यानार्थियों से शिविर में शामिल होने के लिए एक दिन पूर्व पहुंचने तथा अपने लिए आवश्यक सामग्री साथ लाने का आग्रह किया है। शिविर से संबंधित जानकारी के लिए 8818841112, 9893085468 एवं 7489001530 पर संपर्क किया जा सकता है।

