गुण्डरदेही पुलिस की त्वरित कार्रवाई, पॉक्सो सहित गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज; न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया जेल
बालोद। गुण्डरदेही थाना क्षेत्र में दो नाबालिग बालिकाओं के साथ दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 65(2), 137(2) बीएनएस एवं पॉक्सो एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 17 सितंबर 2026 को प्रार्थिया ने थाना गुण्डरदेही में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी नातिन और उसकी सहेली, दोनों नाबालिग बालिकाओं को आरोपी ललित ठाकुर बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। रिपोर्ट के मुताबिक आरोपी ने बालिकाओं को रुपये देने तथा घटना के संबंध में किसी को नहीं बताने की बात कही थी। इसके बाद वह दोनों को अपने साथ ले गया और उनके साथ आपराधिक कृत्य किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों को तत्काल सूचना दी गई। पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी गुण्डरदेही श्रीमती श्रुति सिंह के पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी निरीक्षक रविशंकर पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई।
पुलिस टीम ने संभावित ठिकानों पर पतासाजी करते हुए त्वरित कार्रवाई की और आरोपी ललित ठाकुर, पिता स्व. लक्ष्मण सिंह ठाकुर, उम्र 36 वर्ष को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
त्वरित कार्रवाई में इनकी रही भूमिका
पुलिस के अनुसार कार्रवाई में निरीक्षक रविशंकर पाण्डेय, उप निरीक्षक मनीष शेण्डे, PSI सृष्टि ध्रुव, धनेश्वर कंवर, आरक्षक यशवंत देशमुख, आरक्षक पंकज तारम एवं महिला आरक्षक कमलेश्वरी साहू की विशेष भूमिका रही।
बालोद पुलिस ने कहा है कि नाबालिगों से संबंधित गंभीर अपराधों में त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी।

