मोदी के 25 वर्ष: सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण का स्वर्णिम काल—यशवंत जैन

Darshan Balod
0

 



17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’, जनभागीदारी के जरिए प्रधानमंत्री की 25 वर्षों की सेवा यात्रा का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का दावा

बालोद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री एवं प्रधानमंत्री के रूप में जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित किए जाने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर रविवार को भाजपा जिला कार्यालय, जुंगेरा में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। अभियान के प्रदेश संयोजक एवं भाजपा प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन ने कहा कि नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा यात्रा केवल सत्ता में रहने की यात्रा नहीं, बल्कि सेवा, सुशासन, राष्ट्र निर्माण और जनकल्याण के प्रति समर्पण का काल है।

यशवंत जैन ने बताया कि 7 अक्टूबर 2026 को नरेंद्र मोदी के संवैधानिक पद पर रहते हुए जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होंगे। 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शुरू हुई उनकी राजनीतिक यात्रा आज देश के प्रधानमंत्री के रूप में राष्ट्रसेवा तक पहुंची है। भाजपा इस अवसर को व्यापक जनभागीदारी के साथ मनाने के लिए 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक एक माह का सेवा संकल्प अभियान चलाएगी।

गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के कल्याण का दावा

प्रेस वार्ता में यशवंत जैन ने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीबों को आवास, राशन, शौचालय, सामाजिक सुरक्षा, जनधन, उज्ज्वला और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं का लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य समाज के अंतिम व्यक्ति को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना रहा है।

उन्होंने डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप, मैन्युफैक्चरिंग, रक्षा उत्पादन, अंतरिक्ष, कृषि, खेल एवं तकनीक के क्षेत्र में हुई प्रगति का भी उल्लेख किया। जैन ने कहा कि देश का युवा रोजगार मांगने वाले के साथ-साथ रोजगार देने वाला बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

‘सेवा संकल्प अभियान’ में होंगे कई कार्यक्रम

यशवंत जैन ने बताया कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस से अभियान की शुरुआत ‘सेवा दिवस’ के रूप में होगी। इसके तहत रक्तदान शिविर, ‘आशीर्वाद का दीया’, स्कूलों में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता, ‘नमो सेवा—अनकही कहानियां’, ‘आंगन मिलन सेवा’, ‘सेवा की कहानी’ सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

उन्होंने बताया कि 7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा—विकसित भारत का संकल्प’ के माध्यम से प्रधानमंत्री के जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने पर कृतज्ञता व्यक्त की जाएगी। युवा मोर्चा द्वारा सेवा यात्राएं, ‘सेवा—मेरा योगदान’ के तहत श्रमदान, ‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत ब्लॉक स्तर पर शिविर तथा ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

युवाओं, विद्यार्थियों, स्टार्टअप्स एवं प्रोफेशनल्स के लिए ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ और जनप्रतिनिधियों की सहभागिता के लिए ‘सुशासन संवाद’ एवं ‘विकसित भारत संकल्प प्रस्ताव’ जैसे कार्यक्रम भी अभियान का हिस्सा होंगे।

‘सेवा से सहभागिता और सहभागिता से विकसित भारत’

यशवंत जैन ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का निर्माण केवल सरकार के प्रयासों से नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों की सामूहिक सहभागिता से संभव होगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की यात्रा का संदेश है कि सत्ता सेवा का माध्यम है और विकास का वास्तविक अर्थ आम नागरिक के जीवन में सकारात्मक बदलाव है। उन्होंने मीडिया से भी अभियान के कार्यक्रमों और संदेश को व्यापक समाज तक पहुंचाने का आग्रह किया।

प्रेस वार्ता में भाजपा जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख, महामंत्री राकेश छोटू यादव, अल्पसंख्यक मोर्चा के पूर्व प्रदेश मंत्री शाहिद खान तथा जिला मीडिया प्रभारी कमल पनपालिया उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top