बोरीगारका में 28 सितंबर से गूंजेगी श्रीराम कथा, आचार्य युवराज पांडे करेंगे कथा वाचन

Darshan Balod
0

 



पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने कथा स्थल का किया निरीक्षण, हजारों श्रद्धालुओं के लिए तैयार हो रहा वाटरप्रूफ डोम पंडाल

अंडा। दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बोरीगारका (पाऊवारा) में 28 सितंबर से धर्म और भक्ति का संगम देखने को मिलेगा। धर्म ज्योति सनातन सेवा समिति, दुर्ग ग्रामीण के तत्वावधान में सात दिवसीय भव्य श्रीराम कथा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। कथा व्यास के रूप में गरियाबंद जिले के सुप्रसिद्ध युवा संत आचार्य श्री युवराज पांडे (आमली पदर वाले) भगवान श्रीराम के जीवन चरित्र का वर्णन करेंगे।

आचार्य युवराज पांडे अपनी ओजस्वी वाणी और सरल कथा शैली के लिए छत्तीसगढ़ में जाने जाते हैं। आयोजन को लेकर क्षेत्र के श्रद्धालुओं में उत्साह है और समिति द्वारा कथा को भव्य एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

हजारों श्रद्धालुओं के लिए तैयार हो रहा वाटरप्रूफ डोम

बारिश के मौसम को ध्यान में रखते हुए आयोजन समिति द्वारा कथा स्थल पर विशाल वाटरप्रूफ डोम पंडाल तैयार कराया जा रहा है। इसमें हजारों श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था की जा रही है। इसके अलावा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, प्रकाश, ध्वनि विस्तारक यंत्र एवं पार्किंग की समुचित व्यवस्था की जा रही है।

पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने लिया तैयारियों का जायजा

कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करने छत्तीसगढ़ के पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू बोरीगारका पहुंचे। उन्होंने पंडाल निर्माण एवं मंच व्यवस्था का जायजा लिया और आयोजन समिति के सदस्यों से तैयारियों को लेकर चर्चा की। उन्होंने आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में दिशा-निर्देश भी दिए।

इस दौरान ताम्रध्वज साहू ने कहा कि श्रीराम कथा जैसे धार्मिक आयोजनों से सनातन संस्कृति और संस्कारों के प्रचार-प्रसार को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कथा का श्रवण करने का आह्वान किया।

आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि यह आयोजन केवल कथा वाचन तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे सनातन एकता के महापर्व के रूप में आयोजित किया जा रहा है। समिति ने ग्रामवासियों, नगरवासियों एवं धर्मप्रेमी बंधुओं से सपरिवार पहुंचकर श्रीराम कथा का श्रवण करने और आयोजन को सफल बनाने में सहयोग की अपील की है।

इस अवसर पर जनपद उपाध्यक्ष राकेश हिरवानी, कमलेश गजपाल, योगनारायण गजपाल, वेदनारायण साहू, रामसिंह सोनबोइर, सरपंच बोरीगारका चुम्मन यादव, जागेश्वर साहू, राजेश साहू, गिरीश साहू, दुस्यंत साहू, दुलरवा सोनबेर, कुलेश्वर जांगड़े सहित समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top