पुरूर थाना क्षेत्र में बाइक सवार की मौत के मामले में पुलिस की कार्रवाई, एक अन्य एक्सीडेंट मामले में गिरफ्तारी वारंटी भी जेल भेजा गया
बालोद। थाना पुरूर क्षेत्र अंतर्गत एनएच-30 मार्ग पर हुए सड़क हादसे के मामले में पुलिस ने मनीष ट्रेवल्स बस क्रमांक सीजी 27 के 2469 के चालक हेमन लाल साहू, पिता बलीराम साहू, उम्र 33 वर्ष, निवासी ग्राम रावा भर्रीपारा, थाना अर्जुनी, जिला धमतरी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय से न्यायिक रिमांड मिलने के बाद आरोपी को जेल दाखिल किया गया।
पुलिस के अनुसार, 16 सितंबर 2026 को कैलाश सिन्हा, पिता रामेश्वर प्रसाद सिन्हा, उम्र 32 वर्ष, निवासी सरार पारा चारामा, थाना चारामा, जिला कांकेर ने थाना पुरूर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार उनके बड़े भाई जीवन सिन्हा अपने साथी तुलेश कौशल की मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 19 बीके 3431 लेकर सुबह करीब 11 बजे धमतरी जाने निकले थे।
बताया गया कि करीब 11:45 बजे एनएच-30 मेन रोड पर न्यारा पेट्रोल पंप के सामने बालोदगहन के पास सामने से आ रही मनीष ट्रेवल्स की बस से मोटरसाइकिल की टक्कर हो गई। पुलिस के मुताबिक बस चालक द्वारा तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने के कारण हादसा हुआ। हादसे में जीवन सिन्हा बस के सामने हिस्से में फंस गए और गंभीर चोट लगने से उनकी मौत हो गई।
विवेचना के बाद बढ़ाई गई धाराएं
पुलिस ने प्रारंभिक रिपोर्ट के आधार पर थाना पुरूर में अपराध क्रमांक 102/2026, धारा 281, 106(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। घटना के समय मौजूद गवाहों के बयान दर्ज किए गए। पुलिस के अनुसार, विवेचना के दौरान यह तथ्य सामने आया कि जीवन सिन्हा बस के सामने हिस्से में फंसे हुए थे और इसके बावजूद बस को रोका नहीं गया।
पुलिस के अनुसार, बस आगे बढ़ती रही और करीब 5 से 6 किलोमीटर दूर जगतरा टोल प्लाजा के पास मेन रोड पर जीवन सिन्हा का शव मिला। विवेचना में आरोपी के विरुद्ध धारा 105 बीएनएस के तहत अपराध भी पाया गया। पुलिस ने आरोपी से पूछताछ के बाद 18 सितंबर 2026 को उसे गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायिक रिमांड मिलने पर जेल भेज दिया गया।
एक अन्य मामले में गिरफ्तारी वारंटी भी जेल भेजा
पुरूर थाना क्षेत्र के एक अन्य एक्सीडेंट मामले में पुलिस ने गिरफ्तारी वारंटी तुमेश्वर ध्रुव, पिता स्वर्गीय गणेश राम ध्रुव, उम्र 32 वर्ष, निवासी ग्राम शंकरदाह, थाना अर्जुनी, जिला धमतरी को भी गिरफ्तार कर जेल निरुद्ध किया है। पुलिस द्वारा दोनों मामलों में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की गई।

