15 प्रमुख किसान-ग्राहक सम्मानित, कृषि उपकरण प्रदर्शनी के साथ किसानों को आधुनिक खेती की जानकारी भी दी गई
बालोद। तांदुला एग्रो फेड फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड, झलमला में 28 सितंबर को कंपनी की तीसरी वार्षिक आम बैठक (AGM) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 400 से अधिक किसान-सदस्यों ने हिस्सा लिया। आयोजन को किसान-नेतृत्व वाले उद्यमों को मजबूत करने और कृषि उत्पादों के मूल्य संवर्धन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा गया।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण एनटीएफपी (NTFP) प्रोसेसिंग यूनिट का उद्घाटन रहा। इस यूनिट के लिए आईसीआईसीआई फाउंडेशन द्वारा वित्तीय सहयोग दिया गया है, जबकि उद्यमिता विकास संस्थान (EDII) का सहयोग प्राप्त हुआ है। कार्यक्रम में नाफेड छत्तीसगढ़ के राज्य प्रमुख संजय सिंह ने तांदुला एग्रो फेड के NAFED बाजार आउटलेट का भी शुभारंभ किया।
किसानों के लिए उपलब्ध होंगे NAFED के उत्पाद
झलमला में धमतरी रोड स्थित NAFED बाजार में नाफेड के विभिन्न उत्पाद आम लोगों के लिए उपलब्ध कराए गए हैं। इनमें आटा, हल्दी, धनिया, मिर्च पाउडर, सूजी, मैदा, चना दाल, अरहर दाल, बेसन, चायपत्ती, सरसों तेल सहित अन्य उत्पाद शामिल हैं।
कंपनी के अनुसार, इन उत्पादों को नाफेड के निर्धारित सरकारी मूल्य पर उपलब्ध कराया जा रहा है, जो वर्तमान में बाजार की एमआरपी की तुलना में लगभग 15 से 20 प्रतिशत कम होने का दावा किया गया है। इससे स्थानीय उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण उत्पाद उपलब्ध कराने के साथ किसानों की संस्था के माध्यम से बाजार से जुड़ाव बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
15 प्रमुख किसान-ग्राहकों का सम्मान
इस वर्ष कंपनी की ओर से किसानों के योगदान को सम्मानित करने की पहल भी शुरू की गई। एफपीसी के व्यवसाय और चना खरीदी में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 15 प्रमुख किसान-ग्राहकों को नाफेड राज्य प्रमुख संजय सिंह द्वारा प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान गांधी एंटरप्राइजेज के सहयोग से कृषि उपकरण एवं मशीनरी प्रदर्शनी भी लगाई गई। वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक हरिंदर सिंह पटेल ने किसानों से कृषि पद्धतियों से जुड़े सवालों और शंकाओं पर संवाद करते हुए आवश्यक जानकारी दी।
कंपनी के कार्यों की सराहना
कार्यक्रम में पूर्व विधायक भैय्याराम सिन्हा, झलमला ग्राम पंचायत की सरपंच चुम्मन थानू ठाकुर, राष्ट्रीय बीज निगम, अर्थवा एग्रो केमिकल्स प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधि सहित विभिन्न संस्थाओं से जुड़े प्रतिनिधि और अन्य हितधारक उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि नाफेड के राज्य प्रमुख संजय सिंह एवं पूर्व विधायक भैय्याराम सिन्हा ने तांदुला एग्रो फेड द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की तथा कंपनी की प्रगति और विकास के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
कंपनी के सीईओ भूपेंद्र साहू, अध्यक्ष ओमप्रकाश साहू, रघुनंदन साहू, हरदेवलाल सिन्हा, राजेंद्र, छन्नूलाल, अर्जुन साहू, नरेश एवं अवधराम सहित कंपनी से जुड़े सदस्यों का आयोजन में महत्वपूर्ण सहयोग रहा। बेसिक्स की ओर से शैलेन्द्र देवांगन का भी विशेष सहयोग रहा।
किसानों की बड़ी भागीदारी के साथ आयोजित AGM में कंपनी की गतिविधियों, कृषि मूल्य संवर्धन, बाजार से जुड़ाव और किसानों के लिए नए अवसरों को लेकर संवाद हुआ। NTFP प्रोसेसिंग यूनिट और NAFED बाजार के शुभारंभ से स्थानीय स्तर पर कृषि एवं ग्रामीण उद्यमिता को आगे बढ़ाने की दिशा में नई पहल शुरू हुई है।




