पुस्तकों से डिजिटल संसाधनों तक, छात्राओं को पढ़ाई के नए साधनों की दी जानकारी

Darshan Balod
0

 




भक्त माता कर्मा शासकीय कन्या महाविद्यालय में ग्रंथालय प्रयोग एवं छात्रवृत्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

बालोद। भक्त माता कर्मा शासकीय कन्या महाविद्यालय बालोद में 29 सितंबर को ग्रंथालय प्रयोग एवं छात्रवृत्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम महाविद्यालय की प्रभारी प्राचार्य सुश्री कलेन्द्री रावटे के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। इसका उद्देश्य छात्राओं को पुस्तकों के महत्व के साथ आधुनिक डिजिटल शैक्षणिक संसाधनों और विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं के प्रति जागरूक करना रहा।

प्रभारी प्राचार्य कलेन्द्री रावटे ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि पुस्तकें हमारी सबसे अच्छी मित्र हैं। डिजिटल युग में भले ही पढ़ाई के तरीके बदल रहे हों, लेकिन भौतिक पुस्तकों का महत्व आज भी कायम है। उन्होंने छात्राओं को प्रतिदिन कम से कम आधा घंटा ग्रंथालय में बिताने और उपलब्ध पुस्तकों का अधिकतम उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।

ग्रंथालय एवं छात्रवृत्ति प्रभारी प्रो. धीवराज कुमार भोयर ने कहा कि ग्रंथालय किसी भी शैक्षणिक संस्थान का हृदय होता है। उन्होंने छात्राओं को ग्रंथालय की पुस्तकों के साथ डिजिटल संसाधनों का भी उपयोग करने की जानकारी दी। नए विद्यार्थियों को ई-लाइब्रेरी एवं डिजिटल लाइब्रेरी के महत्व से अवगत कराते हुए उन्होंने कहा कि डिजिटल शैक्षणिक संसाधन प्रभावी अध्ययन में सहायक होते हैं।

उन्होंने छात्राओं को एनडीएलआई (NDLI) एवं ओएनओएस (ONOS) में पंजीयन की आवश्यकता बताई तथा डिजिटल संसाधनों को खोजने और उनका उपयोग करने की प्रक्रिया समझाई। छात्राओं को ई-बुक्स, शोध पत्र, वीडियो अध्ययन सामग्री सहित अन्य डिजिटल शैक्षणिक संसाधनों तक पहुंचने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई।

विभिन्न छात्रवृत्तियों की दी जानकारी

कार्यक्रम के दूसरे चरण में केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा विद्यार्थियों को प्रदान की जाने वाली विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं की जानकारी दी गई। इसमें पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति, बीपीएल छात्रवृत्ति, मेधावी छात्रवृत्ति एवं नौनिहाल छात्रवृत्ति सहित अन्य योजनाओं के संबंध में छात्राओं को जानकारी दी गई। छात्राओं को पात्रता एवं योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक जानकारी से अवगत कराया गया।

कार्यक्रम में प्रो. तरुण कुमार, प्रो. संतोष कुमार राना, डॉ. अमित कुमार सिंह, डॉ. श्रेष्ठा शुक्ला एवं विनोद कुमार साहू उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं को ग्रंथालय की पुस्तकों के नियमित उपयोग के साथ डिजिटल शैक्षणिक संसाधनों और छात्रवृत्ति योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top