नियमित उपस्थिति, समय पर पाठ्यक्रम पूरा करने और कमजोर विद्यार्थियों के लिए उपचारात्मक शिक्षण पर दिया जोर
डौंडीलोहारा। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय संजारी में स्टाफ बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में विकासखंड शिक्षा अधिकारी भूषण साहू ने बोर्ड परीक्षा की तैयारियों और कक्षा 10वीं के वार्षिक परीक्षा परिणाम को बेहतर बनाने को लेकर शिक्षकों को आवश्यक मार्गदर्शन एवं सुझाव दिए।
बीईओ भूषण साहू ने विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने, निर्धारित समय-सीमा में पाठ्यक्रम पूरा कराने और पर्याप्त पुनरावृत्ति कराने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने विषयवार कमजोर विद्यार्थियों की पहचान कर उनके लिए अतिरिक्त कक्षाएं एवं उपचारात्मक शिक्षण की व्यवस्था करने के निर्देश दिए, ताकि परीक्षा से पहले विद्यार्थियों की शैक्षणिक कमियों को दूर किया जा सके।
उन्होंने बोर्ड परीक्षा की प्रश्न-पद्धति एवं अंक योजना के अनुरूप नियमित अभ्यास कराने की बात कही। महत्वपूर्ण एवं वस्तुनिष्ठ प्रश्नों के अभ्यास के साथ विद्यार्थियों के उत्तर लेखन कौशल, समय प्रबंधन और उत्तर-पुस्तिका के प्रभावी प्रस्तुतीकरण पर भी ध्यान देने के निर्देश दिए। विद्यार्थियों से नियमित रूप से मॉडल पेपर एवं अभ्यास परीक्षाएं कराने तथा उनकी विषयवार प्रगति की समीक्षा करने का सुझाव दिया गया।
अभिभावकों से समन्वय और शंका समाधान पर जोर
भूषण साहू ने कहा कि परीक्षा की तैयारी केवल विद्यालय तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। इसके लिए अभिभावकों से निरंतर समन्वय बनाए रखना जरूरी है। विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन और अनुशासन के लिए प्रेरित करने के साथ परीक्षा से पहले समग्र पुनरावृत्ति एवं शंका समाधान पर विशेष ध्यान देने की बात कही।
उन्होंने शिक्षकों को विद्यार्थियों को व्यक्तिगत मार्गदर्शन देने तथा आवश्यकता के अनुसार शैक्षणिक सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बैठक में विद्यालय स्तर पर परीक्षा परिणाम की समीक्षा करते हुए बेहतर परिणाम के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने और उसके नियमित क्रियान्वयन पर भी चर्चा हुई।
बीईओ ने सभी शिक्षकों से समन्वित एवं सतत प्रयासों के साथ बोर्ड परीक्षा में विद्यार्थियों के बेहतर प्रदर्शन के लिए गंभीरता और प्रतिबद्धता से कार्य करने का आह्वान किया।
बैठक में प्राचार्य गुलाब चंद नायक, परीक्षा प्रभारी शिवेन्द्र बहादुर साहू, पद्मा कोठारी, बबीता दीवान, अर्पणा वर्मा, मीनाक्षी आर्य, किरण शिवाने, डोंगरमल रामटेके, आलोक विश्वकर्मा, उर्मिला तारम, रीमा सोरी, नंदिनी जोशी, तीजूराम कुमेटी, धर्मिता देहारी, लालिमा रात्रे, सुधीर कुमार यादव, उमाशंकर कृषाण, संजय देवांगन, लक्ष्मी नारायण बढ़ई, संगीता सुधाकर, गिरिजा भुआर्य एवं गुलाब इंदौरिया उपस्थित रहे।

