600 से अधिक गेहूं की बोरियां हटाकर 3 घंटे 30 मिनट में शुरू किया रेस्क्यू, पुलिस के साथ स्थानीय युवाओं ने भी निभाई अहम भूमिका
खराब माजदा को ट्रक ने पीछे से मारी टक्कर; घायलों के उपचार के बीच 6 की मौत, 7 का इलाज जारी
बालोद/धमतरी। बालोद जिले के मरकाटोला घाट में शुक्रवार को हुए भीषण सड़क हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 7 घायल हैं। हादसा उस समय हुआ जब सड़क किनारे खराब होकर खड़े स्वराज माजदा वाहन को गेहूं से भरे 16 पहिया ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रक भी पलट गया। हादसे के बाद घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल धमतरी भेजा गया, जहां उपचार के दौरान चार घायलों की मौत हो गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार स्वराज माजदा क्रमांक CG10BU7174 कवर्धा से जगदलपुर की ओर जा रहा था। मरकाटोला घाट में वाहन खराब होने के बाद सड़क किनारे खड़ा था। वाहन में कुल 13 लोग सवार थे, जिनमें से दो लोग वाहन सुधारने के लिए मैकेनिक लेने धमतरी की ओर गए थे। इसी दौरान सुबह करीब 11.30 बजे रायपुर से जगदलपुर की ओर जा रहे 16 पहिया टाटा ट्रक क्रमांक CG04QY5947, जिसमें गेहूं लदा था, ने खड़े माजदा वाहन को पीछे से टक्कर मार दी।
पुलिस के मुताबिक हादसे में मौके पर दो लोगों की मौत हुई और 11 लोग घायल हुए। सभी घायलों को जिला अस्पताल धमतरी भेजा गया। उपचार के दौरान चार अन्य घायलों की मौत हो गई। इस तरह अब तक हादसे में 6 लोगों की मृत्यु हुई है और 7 घायलों का उपचार जारी है। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
600 से अधिक गेहूं की बोरियां हटाकर किया गया रेस्क्यू
हादसे के बाद घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण रहा। वरदान परमार्थ सेवा समिति के अध्यक्ष एवं भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, जिला धमतरी के उपाध्यक्ष शिवा प्रधान के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही वे हेमंत प्रधान और डूमन साहू के साथ तीन एंबुलेंस लेकर मौके पर पहुंचे।
समिति की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार हादसे में एक व्यक्ति ट्रक के नीचे दब गया था। उसे बाहर निकालने के लिए ट्रक में लदी 600 से अधिक गेहूं की बोरियों को एक-एक कर हटाया गया। करीब 3 घंटे 30 मिनट तक चले प्रयास के बाद दबे व्यक्ति के शव को बाहर निकाला जा सका।
इस रेस्क्यू अभियान में वरदान परमार्थ सेवा समिति की टीम के साथ चारामा क्षेत्र के टीकम तारम, कुणाल नेताम, भावेश, चंद्रकांत यादव, दिव्यांशु मांडवी और दुर्गेश सहित पुलिस प्रशासन की टीम ने सहयोग किया।
छह मृतकों की हुई पहचान
पुलिस द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार मृतकों में कोमल साहू (20), अनीश पात्रे (22), दीपक कुम्हार (17), राजा सावरा (27), कृष्णा चौहान (18) और सुंदर लाल साहू (29) शामिल हैं। मृतक अलग-अलग स्थानों के निवासी बताए गए हैं।
हादसे के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए। पुलिस ने स्थिति संभालते हुए राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया। वहीं घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने में एंबुलेंस टीमों की भूमिका महत्वपूर्ण रही।
वरदान परमार्थ सेवा समिति की टीम ने कहा कि दुर्घटना की स्थिति में शुरुआती समय बेहद महत्वपूर्ण होता है। ऐसे समय में तत्काल सहायता और घायलों को अस्पताल पहुंचाना प्राथमिकता होनी चाहिए। समिति के अध्यक्ष शिवा प्रधान ने कहा कि संस्था 24 घंटे मानव सेवा के लिए समर्पित है।
मृतकों के नाम
1. कोमल साहू पिता भगवानी साहू उम्र 20 वर्ष साकिन ग्राम सिलहाटी, पोड़ी के पास थाना बोड़ला जिला कवर्धा
2. अनीश पात्रे पिता विजय पात्रे उम्र 22 वर्ष साकिन ग्राम मानिकपुर, पोड़ी के पास थाना बोड़ला जिला कवर्धा
3. दीपक कुम्हार पिता स्व. महेश कुम्हार उम्र 17 वर्ष साकिन ग्राम वार्ड नंबर 17 कुम्हार पारा मुंगेली जिला मुंगेली
4. राजा सावरा पिता इंदल सावरा उम्र 27 वर्ष साकिन मकान नंबर 02 मिनीमाता चौक वार्ड 17 कबीरधाम जिला कवर्धा
5. कृष्णा चौहान पिता संजय चौहान उम्र 18 वर्ष साकिन वर्तमान ग्राम पोड़ी जिला कवर्धा ( नानी का घर) मूल ग्राम डोंगरगढ़ जिला राजनांदगांव
6. सुंदर लाल साहू पिता गोकुल साहू उम्र 29 वर्ष साकिन ग्राम कुसुमघटा थाना बोड़ला जिला कवर्धा






