नहर के गहरे पानी ने बुझाई 68 वर्षीय चौकीदार की जिंदगी

Darshan Balod
0

 

खेत से लौटते समय बाइक अनियंत्रित होकर 20 फीट नीचे गिरी, तेज बहाव के चलते मेन गेट बंद कर पुलिस ने निकाला शव

बालोद। तांदुला केनाल में बुधवार को एक दर्दनाक हादसे में 68 वर्षीय चौकीदार देवसिंग यादव की जान चली गई। ग्राम सिवनी निवासी देवसिंग यादव मोटरसाइकिल से खेत देखकर वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सिवनी पंप हाउस के सामने खरखरा केनाल को तांदुला केनाल से जोड़ने वाले गेट के पास उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और वे मोटरसाइकिल समेत करीब 20 फीट नीचे नहर में जा गिरे।

बताया गया कि देवसिंग यादव देवारभाट स्थित एक राइस मिल में रात के समय चौकीदारी करते थे। बुधवार सुबह ड्यूटी पूरी करने के बाद वे डुबान क्षेत्र में स्थित अपने खेत को देखने गए थे। दोपहर में खेत से लौटने के दौरान यह हादसा हुआ।

सिर के बल गिरने से पानी से नहीं निकल सके

बाइक के साथ नहर में गिरने के दौरान देवसिंग यादव सिर के बल पानी में गिरे। हादसे में उन्हें गंभीर चोट लगी और करीब 5 फीट गहरे पानी में डूब गए। हादसा अचानक होने के कारण उन्हें संभलने का अवसर नहीं मिल पाया।

पर्यटकों ने देखा नहर में गिरते

घटना के समय तांदुला बांध क्षेत्र में घूमने पहुंचे कुछ पर्यटकों की नजर हादसे पर पड़ गई। उन्होंने देवसिंग यादव को बाइक समेत नहर में गिरते देखा और तत्काल इसकी सूचना बालोद पुलिस को दी। सूचना मिलते ही बालोद थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

तेज बहाव बना रेस्क्यू में बाधा

नहर में पानी का बहाव तेज होने के कारण पुलिस के लिए रेस्क्यू करना चुनौतीपूर्ण था। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने जल संसाधन विभाग से संपर्क किया और तांदुला जलाशय का मेन गेट बंद कराया गया। इसके बाद नहर में पानी का बहाव कम होने पर पुलिसकर्मियों और स्थानीय ग्रामीणों ने रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

काफी प्रयास के बाद नहर से देवसिंग यादव का शव और डूबी हुई मोटरसाइकिल बाहर निकाली गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद शाम को गांव में ही उनका अंतिम संस्कार किया गया।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top