डौंडी (बालोद)। डौंडी विकासखंड मुख्यालय स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के हॉस्टल में गुरुवार सुबह 10वीं कक्षा के छात्र विनय कुमार की मौत की घटना सामने आने से स्कूल परिसर में हड़कंप मच गया। छात्र हॉस्टल के कमरा नंबर 16 में था। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्कूल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी। फिलहाल छात्र की मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बताया गया कि गुरुवार सुबह हॉस्टल के विद्यार्थियों को रोजाना की तरह फिजिकल ट्रेनिंग (पीटी) के लिए मैदान में जाना था। अधिकांश छात्र पीटी के लिए चले गए, जबकि विनय कुमार कमरे में ही रुक गया। प्रशिक्षण समाप्त होने के बाद जब उसके साथी विद्यार्थी वापस हॉस्टल पहुंचे, तब उन्हें कमरे में छात्र की मौत की जानकारी हुई।
प्रबंधन ने पुलिस को दी सूचना
साथी विद्यार्थियों ने तत्काल वार्डन और स्कूल प्रबंधन को घटना की जानकारी दी। इसके बाद विद्यालय प्रबंधन ने डौंडी थाना पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर नियमानुसार कार्रवाई की तथा छात्र के परिजनों को घटना की सूचना दी। घटना के बाद विद्यालय परिसर में शोक का माहौल है।
मौत के कारणों की जांच जारी
पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। छात्र की मौत के पीछे क्या कारण रहा, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। पुलिस हॉस्टल में रहने वाले अन्य विद्यार्थियों तथा स्कूल स्टाफ से जानकारी जुटा रही है। साथ ही घटना से जुड़े परिस्थितिजन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही छात्र की मौत के वास्तविक कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
