सिकोसा में आमने-सामने भिड़े ट्रक-पिकअप, 45 मिनट तक केबिन में फंसा रहा चालक

Darshan Balod
0

 


पिकअप का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त, राहगीरों और ग्रामीणों ने रस्सियों से खींचकर चालक को बाहर निकाला

बालोद। बालोद-रायपुर मुख्य मार्ग पर सिकोसा के पास एक तेज रफ्तार ट्रक और पिकअप की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप वाहन का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक दीपक बारले अंदर ही फंस गया। मौके पर मौजूद राहगीरों और ग्रामीणों की तत्परता से करीब 45 मिनट की मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकाला जा सका।

विपरीत दिशा से आ रहे थे दोनों वाहन

जानकारी के अनुसार हाहालद्दी माइंस में संचालित ट्रक रायपुर से लौह अयस्क खाली करने के बाद वापस लौट रहा था। इसी दौरान सिकोसा के पास सामने से आ रही पिकअप से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद मार्ग पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई और कुछ समय के लिए वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हुई।

केबिन में दबा चालक, ग्रामीणों ने संभाला मोर्चा

टक्कर के बाद पिकअप का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया। चालक दीपक बारले स्टीयरिंग और सीट के बीच फंस गया था। दुर्घटना स्थल पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू किया। पिकअप के क्षतिग्रस्त लोहे के हिस्सों को रस्सियों से बांधकर खींचा गया और काफी प्रयास के बाद चालक को केबिन से बाहर निकाला गया।

पैर में फ्रैक्चर, दुर्ग रेफर

हादसे की सूचना मिलने पर गुंडरदेही पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायल चालक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। बताया गया कि उसके पैरों की हड्डियों में फ्रैक्चर हुआ है और शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उसे दुर्ग अस्पताल रेफर कर दिया।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को अपने कब्जे में लेकर घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top