स्थानीय ट्रक संचालकों के आंदोलन को AAP का समर्थन, दीपक आरदे बोले—लिखित समाधान तक जारी रहेगा संघर्ष

Darshan Balod
0



दल्लीराजहरा माइंस कार्यालय के सामने आमरण अनशन पर बैठे संतोष देवांगन से मिले प्रदेश संयुक्त सचिव दीपक आरदे, BSP प्रबंधन पर लगाए गंभीर आरोप

दल्लीराजहरा। राजहरा माइंस से भिलाई तक लौह अयस्क परिवहन का कार्य स्थानीय ट्रक संचालकों को दिए जाने की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन को आम आदमी पार्टी ने अपना समर्थन दिया है। पार्टी के प्रदेश संयुक्त सचिव दीपक आरदे ने आंदोलन स्थल पहुंचकर आमरण अनशन पर बैठे संतोष देवांगन और प्रदर्शनकारी ट्रक संचालकों से मुलाकात की तथा उनके आंदोलन के प्रति समर्थन जताया।

‘स्थानीय लोगों की आजीविका से जुड़ा है आंदोलन’

दीपक आरदे ने कहा कि स्थानीय ट्रक संचालक लंबे समय से परिवहन कार्य से जुड़े हैं और उनके सामने वाहन ऋण, टैक्स, बीमा तथा अन्य आर्थिक दायित्वों का दबाव है। उन्होंने कहा कि स्थानीय संचालकों की मांगों की अनदेखी कर बाहर की निजी कंपनियों को परिवहन कार्य दिए जाने से स्थानीय लोगों की आजीविका प्रभावित होने का आरोप आंदोलनकारियों द्वारा लगाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि स्थानीय हकदारों को उनकी मांगों के संबंध में लिखित और स्पष्ट समाधान मिलने तक आम आदमी पार्टी आंदोलन के साथ खड़ी रहेगी।

निजी कंपनी के पांच ट्रकों को लेकर उठाए सवाल

आरदे ने BSP प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि आंदोलन के बीच निजी कंपनी के माध्यम से पांच ट्रकों को परिवहन कार्य में लगाया गया। उन्होंने इसे आंदोलनकारियों की मांगों के प्रति संवेदनहीनता बताया।

उन्होंने कहा कि स्थानीय ट्रक संचालक अपने परिवार के भरण-पोषण के साथ वाहन की किस्त, टैक्स और बीमा जैसे खर्चों का सामना कर रहे हैं। ऐसे में उनकी मांगों पर शीघ्र निर्णय लिया जाना चाहिए।

‘आश्वासन नहीं, लिखित समाधान चाहिए’

आप नेता ने कहा कि मुख्यमंत्री, सांसद और प्रशासनिक अधिकारियों तक अपनी मांग पहुंचाने के बावजूद अभी तक समाधान नहीं निकलना चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि आंदोलनकारियों को केवल आश्वासन के बजाय लिखित और स्थायी समाधान दिया जाना चाहिए।

दीपक आरदे ने आमरण अनशन पर बैठे संतोष देवांगन के स्वास्थ्य को लेकर भी चिंता जताई और प्रशासन से मामले में तत्काल पहल करने की मांग की।

मांग पूरी नहीं हुई तो आंदोलन तेज करने की चेतावनी

आम आदमी पार्टी ने कहा कि यदि प्रशासन और BSP प्रबंधन द्वारा स्थानीय परिवहन संघ की मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। पार्टी ने कहा कि यह मुद्दा स्थानीय ट्रक संचालकों और युवाओं की रोजगार एवं आजीविका से जुड़ा विषय है और इसे सड़क से लेकर शासन स्तर तक उठाया जाएगा।

पार्टी ने प्रशासन से आंदोलनकारियों के साथ संवाद कर उनकी मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने तथा आमरण अनशन पर बैठे संतोष देवांगन के स्वास्थ्य को देखते हुए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top