जम्मू-कश्मीर में गोल्ड जीतकर लौटीं कुरदी की बेटी भानेश्वरी, पूर्व विधायक वीरेंद्र साहू ने किया सम्मान
15वीं राष्ट्रीय वॉविनाम मार्शल आर्ट चैंपियनशिप में हासिल किया प्रथम स्थान, गांव पहुंचने पर ढोल-नगाड़ों और आरती से हुआ भव्य स्वागत
कुरदी/अर्जुंदा। ग्राम पंचायत कुरदी की प्रतिभावान बेटी भानेश्वरी निषाद ने अपनी मेहनत, लगन और खेल प्रतिभा के दम पर गांव और पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। उन्होंने जम्मू-कश्मीर में आयोजित 15वीं राष्ट्रीय वॉविनाम मार्शल आर्ट चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
कुरदी के एक अत्यंत गरीब परिवार से आने वाली भानेश्वरी ने सीमित संसाधनों के बावजूद लगातार मेहनत और अभ्यास के बल पर यह उपलब्धि हासिल की। प्रतियोगिता में उन्होंने दो राज्यों की प्रतिभागी खिलाड़ियों को पीछे छोड़ते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया।
गांव पहुंचने पर हुआ भव्य स्वागत
स्वर्ण पदक जीतकर ग्राम कुरदी पहुंचने पर भानेश्वरी निषाद का ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों और आरती के साथ आत्मीय एवं भव्य स्वागत किया। उनकी सफलता से पूरे गांव में उत्साह का माहौल रहा।
इस अवसर पर पूर्व विधायक वीरेंद्र साहू ने भानेश्वरी एवं उनके माता-पिता का सम्मान कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने बेटी को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए क्षेत्र के बच्चों और युवाओं से खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
वीरेंद्र साहू ने कहा कि ग्रामीण अंचलों में अनेक प्रतिभाएं मौजूद हैं, जिन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहन और सहयोग की आवश्यकता है। उन्होंने सरकार एवं प्रशासन से ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभावान बच्चों को आवश्यक सुविधाएं और सहयोग उपलब्ध कराने की अपील की।
खदान पट्टेदारों ने भी किया सम्मान
ग्राम पंचायत कुरदी के खदान पट्टेदारों ने भी भानेश्वरी निषाद का सम्मान किया और अपनी ओर से आर्थिक सहयोग प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
सम्मान के दौरान भानेश्वरी निषाद ने ग्रामवासियों, पूर्व विधायक वीरेंद्र साहू तथा खदान पट्टेदारों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मिले प्रोत्साहन से उन्हें आगे भी बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलेगी।
इस अवसर पर टोमन साहू (भाजपा नेता), पूनम साहू (सरपंच, ग्राम पंचायत कुरदी), पंकज चौधरी, संजय साहू (मंडल उपाध्यक्ष एवं पूर्व सरपंच ग्राम कुरदी), नोहर साहू, सोमन निषाद, संतोष तारम, शिव देवांगन, केशुराम साहू, छबिलाल कोर्राम, तुकाराम साहू, खदान पट्टेदार एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
भानेश्वरी निषाद की यह सफलता ग्राम कुरदी के लिए गर्व का विषय है। ग्रामीणों ने उनके उज्ज्वल भविष्य और खेल जगत में नई ऊंचाइयां हासिल करने की कामना की।




