शासकीय पॉलीटेक्निक बालोद में प्रवेश के लिए ऑनलाइन काउंसलिंग शुरू

Darshan Balod
0


तकनीकी शिक्षा से रोजगार की राह होगी आसान

बालोद, 02 सितंबर 2026।
छत्तीसगढ़ शासन युवाओं को बेहतर तकनीकी शिक्षा और रोजगार के अवसरों से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। इसी दिशा में तकनीकी शिक्षा विभाग द्वारा शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज, दुधली, बालोद में सत्र 2026-27 के लिए संस्था स्तर पर ऑनलाइन काउंसलिंग एवं सीधे प्रवेश की प्रक्रिया पुनः शुरू की जा रही है। इच्छुक विद्यार्थी सिविल, इलेक्ट्रिकल तथा माइनिंग एंड माइन सर्वेइंग जैसे रोजगारपरक डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश ले सकते हैं।

03 सितंबर से शुरू होगा ऑनलाइन पंजीयन

प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीयन की प्रक्रिया 03 सितंबर 2026 को सुबह 10 बजे से 06 सितंबर 2026 की रात 11.59 बजे तक चलेगी। पंजीकृत अभ्यर्थियों की मेरिट सूची 07 सितंबर को शाम 05 बजे जारी की जाएगी। सीट आवंटन के लिए अभ्यर्थियों को 08 सितंबर को सुबह 10 बजे संस्था में अनिवार्य रूप से उपस्थित होना होगा।

आवंटित सीटों पर प्रवेश की प्रक्रिया 08 सितंबर को दोपहर 01 बजे से 09 सितंबर को दोपहर 01 बजे तक चलेगी। इसके बाद रिक्त सीटों के लिए अनुपस्थित एवं अपग्रेडेशन वाले अभ्यर्थियों को 09 सितंबर को दोपहर 1.30 बजे से शाम 5.30 बजे तक अंतिम अवसर दिया जाएगा।

अवकाश के दिन भी खुले रहेंगे सुविधा केंद्र

प्रवेश प्रक्रिया को विद्यार्थियों के लिए आसान और सुविधाजनक बनाने के लिए शासकीय अवकाश एवं रविवार के दिन भी सुविधा केंद्र खुले रहेंगे। काउंसलिंग के प्रत्येक चरण में अभ्यर्थियों को अलग से ऑनलाइन पंजीयन कराना अनिवार्य होगा।

तकनीकी शिक्षा से कौशल और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा

शासकीय पॉलीटेक्निक में संचालित रोजगारपरक पाठ्यक्रम युवाओं को तकनीकी ज्ञान, कौशल और बेहतर रोजगार के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। शासन का उद्देश्य विद्यार्थियों को उनकी रुचि और क्षमता के अनुरूप तकनीकी शिक्षा उपलब्ध कराकर उन्हें कौशलयुक्त, आत्मनिर्भर और रोजगार के लिए सक्षम बनाना है।

इच्छुक विद्यार्थी प्रवेश प्रक्रिया, पाठ्यक्रम एवं पंजीयन से संबंधित अधिक जानकारी के लिए तकनीकी शिक्षा विभाग की आधिकारिक वेबसाइट अथवा प्रवेश पोर्टल पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top