वनांचल के हरेंद्र ने लंबी कूद में मारी बाजी, राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित

Darshan Balod
0

 



अरजपुरी स्कूल के कक्षा 11वीं के छात्र ने जिला और संभाग स्तर पर किया शानदार प्रदर्शन, जगदलपुर में 17 से 20 सितंबर तक होगी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता

डौंडीलोहारा। विकासखंड डौंडीलोहारा के वनांचल क्षेत्र में स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अरजपुरी के छात्र हरेन्द्र कुमार, पिता बिसन सिंह, ने अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए एक बार फिर राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए जगह बनाई है। कक्षा 11वीं वाणिज्य संकाय के छात्र हरेंद्र ने लंबी कूद में जिला एवं संभाग स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए यह उपलब्धि हासिल की।

हरेंद्र ने 22 अगस्त 2026 को सेजेस छेड़िया, विकासखंड गुरूर में आयोजित जिला स्तरीय एथलेटिक्स चयन प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। लंबी कूद स्पर्धा में उन्होंने द्वितीय स्थान हासिल किया और संभाग स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित हुए।

इसके बाद 27 अगस्त 2026 को सेजेस उतई, दुर्ग में संभाग स्तरीय एथलेटिक्स शालेय क्रीड़ा चयन प्रतियोगिता आयोजित हुई। यहां हरेंद्र कुमार ने अपने खेल कौशल का बेहतर प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस शानदार प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन लगातार दूसरे वर्ष राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए किया गया है।

पिछले वर्ष भी राज्य स्तर पर पहुंचे थे

हरेंद्र कुमार की यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि वह पिछले वर्ष भी राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए चयनित हुए थे। इस वर्ष भी उन्होंने अपनी निरंतर मेहनत और खेल प्रतिभा के दम पर राज्य स्तर तक पहुंचकर विद्यालय और क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है।

26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता 2026-27 का आयोजन 17 से 20 सितंबर 2026 तक जगदलपुर में किया जा रहा है, जिसमें हरेंद्र लंबी कूद स्पर्धा में बालोद जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।

व्यायाम शिक्षक के मार्गदर्शन में लगातार निखर रही प्रतिभाएं

विद्यालय के व्यायाम शिक्षक दिलीप कुमार रावत के कुशल मार्गदर्शन में विद्यालय के छात्र-छात्राएं प्रतिवर्ष विभिन्न खेल विधाओं में भाग लेकर जिला, संभाग और राज्य स्तर तक पहुंच रहे हैं। विद्यालय में पढ़ाई के साथ खेल गतिविधियों को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है, जिसका परिणाम विद्यार्थियों की उपलब्धियों के रूप में सामने आ रहा है।

हरेंद्र के राज्य स्तरीय चयन पर संस्था में हर्ष का माहौल है। प्राचार्य नंदलाल पिंकेश्वर ने विद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं को पढ़ाई के साथ खेलों में भी सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने चयनित छात्र हरेंद्र कुमार को शाला परिवार की ओर से शुभकामनाएं देते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन की कामना की।

खेल से शारीरिक और मानसिक विकास

शाला विकास समिति के अध्यक्ष चैत राम साहू ने विद्यार्थियों को खेलों के महत्व की जानकारी देते हुए कहा कि खेल गतिविधियां बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

वहीं ग्राम सरपंच संतोषी बाई ठाकुर ने कहा कि खेलों से बच्चों का शारीरिक और मानसिक विकास होता है। खेल गतिविधियों में सक्रिय रहने वाले छात्र-छात्राएं मोबाइल और मादक पदार्थों जैसी गतिविधियों से भी दूर रहते हैं।

हरेंद्र की सफलता पर विद्यालय के शिक्षकों एवं ग्रामीणों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनकी सराहना की। उन्होंने कहा कि एक विद्यार्थी की सफलता विद्यालय के अन्य छात्र-छात्राओं के लिए भी प्रेरणा का काम करती है। वनांचल क्षेत्र से निकलकर हरेंद्र का लगातार दूसरी बार राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित होना क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं के लिए उत्साहजनक उपलब्धि है।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top