रेल संरक्षा आयुक्त सुमीत सिंघल ने किया निरीक्षण, रेल लाइन के कमीशनिंग की दिशा में महत्वपूर्ण कदम
रायपुर, 22 सितंबर 2026। बहुप्रतीक्षित दल्लीराजहरा–रावघाट नई रेल लाइन परियोजना अब महत्वपूर्ण चरण में पहुंच गई है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर रेल मंडल अंतर्गत ताड़ोकी–रावघाट सिंगल लाइन विद्युतीकृत ब्रॉडगेज सेक्शन का 22 सितंबर को रेल संरक्षा आयुक्त, दक्षिण पूर्व परिमंडल, कोलकाता श्री सुमीत सिंघल ने निरीक्षण किया। इस दौरान रावघाट से ताड़ोकी के बीच नई रेल लाइन पर गति परीक्षण (स्पीड ट्रायल) भी किया गया।
रेल संरक्षा आयुक्त श्री सुमीत सिंघल ने सीआरएस स्पेशल ट्रेन से ताड़ोकी से रावघाट सेक्शन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान रेल लाइन, पुल-पुलियों, विद्युतीकरण, सिग्नलिंग सहित संरक्षा और तकनीकी व्यवस्थाओं का परीक्षण किया गया। निर्धारित प्रक्रिया के तहत रेलखंड की परिचालन क्षमता और संरक्षा मानकों का भी परीक्षण किया गया।
इस अवसर पर श्री मुदित भटनागर, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण), मुख्यालय बिलासपुर एवं मंडल रेल प्रबंधक, रायपुर श्री दयानंद सहित रेल विकास निगम लिमिटेड (आरवीएनएल) के सरोज कांता पात्रा, पीईडी ईस्ट-आरवीएनएल, भावेश पांडे, सीपीएम/आरवीएनएल/रायपुर और कन्हैया गोयल, एजीएम/आरवीएनएल/रायपुर सहित संबंधित वरिष्ठ रेल अधिकारी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
रेल कनेक्टिविटी से क्षेत्र को मिलेंगे नए अवसर
रेलवे के अनुसार ताड़ोकी–रावघाट सेक्शन में ट्रेन परिचालन शुरू होने से आसपास के क्षेत्रों की रेल कनेक्टिविटी मजबूत होगी। इससे क्षेत्र के नागरिकों को आवागमन के बेहतर विकल्प उपलब्ध होने के साथ कृषि उत्पादों और स्थानीय व्यापारिक वस्तुओं के परिवहन में भी सुविधा मिलने की उम्मीद है।
नई रेल लाइन ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों को व्यापक रेल नेटवर्क से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। बेहतर रेल संपर्क से शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और व्यापार से जुड़े अवसरों तक लोगों की पहुंच आसान होने के साथ क्षेत्र में पर्यटन, निवेश और अन्य आर्थिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिल सकता है।
वर्तमान में दल्लीराजहरा से ताड़ोकी तक यात्रियों को रेल सुविधा उपलब्ध है। ताड़ोकी–रावघाट सेक्शन का निरीक्षण और गति परीक्षण परियोजना के कमीशनिंग की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति माना जा रहा है। रेल प्रशासन द्वारा निर्धारित संरक्षा प्रक्रियाओं और मानकों के अनुरूप आगे की कार्यवाही की जाएगी।



