तीन साल से लंबित थी बीमा राशि, संजय बैस के प्रयास से दाऊलाल के खाते में पहुंचे दो लाख

Darshan Balod
0






बालोद। तेंदूपत्ता संग्राहक हितग्राही परिवार से जुड़े किल्लेकोड़ा निवासी दाऊलाल के लिए पिछले करीब तीन वर्षों से लंबित ₹2 लाख की बीमा सहायता राशि आखिरकार उनके बैंक खाते में पहुंच गई। लंबे समय से विभागीय कार्यालयों के चक्कर काटने के बाद दाऊलाल ने राशि मिलने की उम्मीद लगभग छोड़ दी थी। इसी बीच भाजपा नेता एवं पूर्व जनपद सदस्य संजय बैस ने उनकी समस्या को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों से संपर्क किया और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से भी शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद दाऊलाल के यूको बैंक खाते में ₹2 लाख की राशि जमा हुई।

जानकारी के अनुसार, दाऊलाल की पत्नी का करीब तीन वर्ष पहले निधन हो गया था। तेंदूपत्ता संग्राहक हितग्राही परिवार के रूप में मिलने वाली बीमा सहायता राशि के लिए उन्होंने आवेदन किया था, लेकिन लंबे समय तक भुगतान नहीं होने के कारण वे परेशान थे। विभागीय कार्यालयों के चक्कर लगाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा था। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण परिवार के भरण-पोषण के साथ उन्हें अपनी दो बेटियों के विवाह की चिंता भी सता रही थी।

किल्लेकोड़ा निवासी होरीलाल सिन्हा ने दाऊलाल की समस्या से भाजपा नेता संजय बैस को अवगत कराया। इसके बाद बैस ने संबंधित विभागीय अधिकारियों से जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई के लिए प्रयास शुरू किए। उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 में शिकायत दर्ज कराने के साथ तेंदूपत्ता एवं लघु वनोपज से जुड़े राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त यज्ञदत्त शर्मा को भी मामले की जानकारी दी।

लगातार प्रयासों के बाद दाऊलाल के यूको बैंक खाते में ₹2 लाख की बीमा सहायता राशि प्राप्त हुई। खाते में राशि पहुंचने की जानकारी मिलने पर दाऊलाल भावुक हो उठे। उन्होंने कहा कि लंबे समय से वे इस राशि की उम्मीद छोड़ चुके थे। आर्थिक परेशानी के बीच राशि मिलने से उन्हें अपनी दोनों बेटियों के विवाह को लेकर बड़ी राहत मिली है।

दाऊलाल ने संजय बैस के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने उनकी परेशानी को समझा और लगातार समाधान के लिए प्रयास किया। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं राज्यमंत्री यज्ञदत्त शर्मा के प्रति भी आभार जताया।

“जरूरतमंद तक उसका हक पहुंचाना ही जनसेवा है”

संजय बैस ने बताया कि करीब एक माह पहले दाऊलाल ने उन्हें अपनी समस्या से अवगत कराया था। इसके बाद उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों से संपर्क किया तथा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से समस्या को शासन तक पहुंचाने का प्रयास किया। साथ ही राज्यमंत्री यज्ञदत्त शर्मा को भी मामले की जानकारी दी गई।

बैस ने कहा कि जनसेवा का वास्तविक अर्थ तभी है, जब जरूरतमंद व्यक्ति की परेशानी को अपनी परेशानी समझकर उसके समाधान के लिए प्रयास किया जाए। दाऊलाल के खाते में राशि पहुंचने और उनके चेहरे पर खुशी देखने का अवसर उनके लिए संतोष का विषय है।

उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 को आम नागरिकों की समस्याएं शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। बैस ने कहा कि नागरिक अपनी समस्याओं को इस माध्यम से संबंधित विभाग तक पहुंचाकर समाधान के लिए प्रयास कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के दौरान दाऊलाल जैसे जरूरतमंद परिवार के लिए काम करने का अवसर मिलना संतोष का विषय है। उनके अनुसार भाजपा सेवा और जनकल्याण की भावना के साथ काम करती है तथा जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

तीन वर्षों से लंबित ₹2 लाख की राशि खाते में पहुंचने के बाद दाऊलाल के परिवार में राहत और खुशी का माहौल है। परिवार के लिए यह राशि बेटियों के भविष्य और आगामी विवाह की तैयारियों में आर्थिक सहारा बनने की उम्मीद है।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top