मंडल रेल प्रबंधक स्वयं स्थिति का जायजा लेते हुए मजदूर के साथ स्वयं चलाया फावड़ा (रापा)
दुर्ग-दल्लीराजहरा सेक्शन में परिचालन प्रभावित, अंतागढ़-दल्लीराजहरा ट्रेन भी हुई शॉर्ट-ऑरिजिनेट
रायपुर/बालोद, 26 सितंबर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर रेल मंडल के दुर्ग-दल्लीराजहरा सेक्शन में भारी बारिश के चलते रेलवे ट्रैक पर जलभराव और ट्रैक के नीचे मिट्टी खिसकने की स्थिति सामने आई है। लाटाबोर-गुंडरदेही स्टेशनों के बीच ट्रैक की स्थिति को देखते हुए यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर रेलवे ने कई यात्री ट्रेनों के परिचालन में अस्थायी बदलाव किया है।
बताया गया है कि सिकोसा नाला के पास पटरी के नीचे मिट्टी खिसकने से ट्रैक प्रभावित हुआ है। स्थानीय स्तर पर इसे जिले में इस तरह की पहली घटना बताया जा रहा है। हालांकि, रेलवे की ओर से जारी आधिकारिक सूचना में फिलहाल ट्रैक पर जलभराव और ट्रैक धंसने की स्थिति का उल्लेख किया गया है।
मंडल रेल प्रबंधक दयानंद सहित संरक्षा अधिकारियों और संबंधित अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। रेलवे के इंजीनियरिंग विभाग की तकनीकी टीम ट्रैक को दुरुस्त करने के काम में जुटी हुई है।
इन ट्रेनों का परिचालन प्रभावित
रेलवे प्रशासन के अनुसार ट्रेन संख्या 78816 अंतागढ़-रायपुर का परिचालन दल्लीराजहरा से रायपुर के बीच रद्द रहेगा। वहीं 78815 रायपुर-अंतागढ़ 26 सितंबर को पूरी तरह रद्द रहेगी।
ट्रेन संख्या 78818 अंतागढ़-दुर्ग 26 सितंबर को अंतागढ़ से दल्लीराजहरा के बीच रद्द रहेगी। यह ट्रेन दल्लीराजहरा से दोपहर 2:30 बजे दुर्ग के लिए रवाना होगी।
इसके अलावा 68765 ताड़ोकी-रायपुर तथा 68764 रायपुर-ताड़ोकी का परिचालन भी 26 सितंबर को रद्द रहेगा।
यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता
रेलवे प्रशासन ने कहा है कि यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए परिचालन में यह अस्थायी बदलाव किया गया है। प्रभावित रेल सेक्शन में ट्रैक की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इंजीनियरिंग टीम द्वारा मरम्मत एवं आवश्यक तकनीकी कार्य किया जा रहा है और स्थिति के अनुसार आगे परिचालन संबंधी निर्णय लिए जाएंगे।
भारी बारिश के कारण रेल यातायात प्रभावित होने से अंतागढ़, दल्लीराजहरा, गुंडरदेही सहित संबंधित क्षेत्रों से रायपुर और दुर्ग की ओर यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।



