कुरदी में सेवा संकल्प अभियान के तहत हुआ महतारी संवाद, उत्कृष्ट कार्यकर्ताओं का सम्मान

Darshan Balod
0

 




महिलाओं के लिए खेलकूद प्रतियोगिता, स्वस्थ शिशु व सुपोषित माता हुए पुरस्कृत; आंगनबाड़ी केंद्र में किया गया पौधारोपण

बालोद। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 30 सितंबर को ग्राम कुरदी में सेवा संकल्प अभियान एवं आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद उपाध्यक्ष नीतीश मोंटी यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। ग्राम सरपंच पूनम साहू, भाजपा सदस्य पोमिन बाई साहू, अन्य पंच, परियोजना अधिकारी खलेश्वरी नेताम, पर्यवेक्षक स्मृति सिंह एवं नेहा सिंह, संजय साहू, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिका सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत से हुई। इसके बाद मां सरस्वती की पूजा-अर्चना, सरस्वती वंदना एवं दीप प्रज्वलन किया गया। मुख्य अतिथि सहित सभी अतिथियों का स्वागत किया गया।

मुख्य अतिथि नीतीश मोंटी यादव ने आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम एवं सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए महिलाओं से महतारी संवाद किया। उन्होंने शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक किया।

उत्कृष्ट कार्यकर्ताओं और सहयोगियों का सम्मान

कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी केंद्र में स्थानीय जनसहयोग के माध्यम से बच्चों के लिए न्योता भोज एवं खिलौना दान करने वाले सहयोगियों के साथ उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका एवं मितानिन को शॉल, श्रीफल एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

इसके बाद महिलाओं के लिए विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में विजेता महिलाओं को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। साथ ही स्वस्थ शिशु एवं सुपोषित माता को भी पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया।

‘घर-घर मूनगा, हर घर मूंनगा’ का संदेश

कार्यक्रम के दौरान ‘घर-घर मूनगा, हर घर मूनगा’ अभियान के तहत आंगनबाड़ी केंद्र परिसर में मूनगा पौधे का रोपण किया गया। इसके माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और पौधारोपण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में बच्चों को न्योता भोज कराया गया तथा अतिथियों एवं उपस्थित लोगों के लिए भी भोजन की व्यवस्था की गई। अंत में आयोजकों द्वारा सभी अतिथियों, कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया गया। सामूहिक सहभागिता के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top