बारिश से हुए सड़क किनारे कटाव का लिया जायजा, अधिकारियों को आवश्यक सुधार एवं सुरक्षा व्यवस्था के निर्देश
बालोद। बालोद विधानसभा क्षेत्र के वनांचल क्षेत्र रानीमाई घाट के पास विधायक श्रीमती संगीता सिन्हा ने क्षेत्र का निरीक्षण कर बारिश के चलते सड़क किनारे हुए कटाव एवं आवागमन की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने मौके पर मौजूद अधिकारियों एवं स्थानीय ग्रामीणों से चर्चा कर सड़क की वर्तमान स्थिति तथा आवश्यक सुधार कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि वनांचल क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाओं के साथ सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मौके की स्थिति के अनुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
विधायक ने कहा कि लगातार बारिश के कारण सड़क एवं घाट क्षेत्र में उत्पन्न होने वाली परिस्थितियों पर निगरानी रखते हुए जरूरत के अनुसार सुधार एवं सुरक्षा संबंधी कार्य किए जाने चाहिए, ताकि ग्रामीणों और राहगीरों को आवागमन में परेशानी न हो।
निरीक्षण के दौरान जिला अध्यक्ष श्री चंद्रेश हिरवानी, ब्लॉक अध्यक्ष श्री नरेंद्र सिन्हा, विधायक प्रतिनिधि श्री कमलेश श्रीवास्तव, ब्लॉक उपाध्यक्ष जमील बख्श, जनपद सदस्य सुश्री अमृता नेताम, पूर्व सरपंच श्री जितेन्द्र पटेल, हीमांशु लावत्रे, भीखम ठाकुर सहित जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्र के ग्रामीणजन उपस्थित रहे।



