साहू समाज ने कराया करूंभात, विभिन्न प्रतियोगिताओं में महिलाओं ने दिखाया उत्साह; विजेता प्रतिभागियों का किया गया सम्मान
निकुम। तहसील साहू संघ अर्जुन्दा के तत्वावधान में ग्राम भरदाकला बाजार चौक में छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपरा और महिला सम्मान को समर्पित भव्य तीजा-पोरा महोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत संत शिरोमणि मां कर्मा माता की पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। आयोजन में साहू समाज की महिलाओं ने बड़ी संख्या में उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू रहीं, जबकि अध्यक्षता प्रदेश साहू समाज के अध्यक्ष डॉ. नीरेंद्र साहू ने की। इस अवसर पर डॉ. नीरेंद्र साहू ने कहा कि समाज की महिलाओं ने उत्साह के साथ आयोजन में भाग लेकर अपनी प्रतिभा और हुनर का प्रदर्शन किया। ऐसे आयोजन सामाजिक एकता और महिला सहभागिता को मजबूत करते हैं।
करूंभात और प्रतियोगिताओं ने बढ़ाया उत्साह
तहसील साहू संघ अर्जुन्दा के अध्यक्ष उमाशंकर साहू के नेतृत्व में महोत्सव के दौरान महिलाओं के लिए विभिन्न मनोरंजक एवं ज्ञानवर्धक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें गुब्बारा खेल, प्रश्नोत्तरी, रस्साकशी और चम्मच दौड़ सहित कई प्रतियोगिताएं शामिल रहीं।
प्रतियोगिताओं में महिलाओं ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ हिस्सा लिया। आयोजन स्थल पर हंसी-खुशी और उत्सव का माहौल बना रहा। साहू समाज द्वारा करूंभात का आयोजन भी कराया गया, जिसने तीजा-पोरा की पारंपरिक भावना को जीवंत कर दिया।
तीजा-पोरा लोक संस्कृति और सामाजिक जुड़ाव का पर्व : डॉ. ममता साहू
मुख्य अतिथि डॉ. ममता साहू ने कहा कि तीजा-पोरा केवल पर्व नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति, पारिवारिक परंपरा और सामाजिक जुड़ाव का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से महिलाओं को सम्मान देने के साथ उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच भी मिलता है। उन्होंने महिला सशक्तिकरण की दिशा में साहू समाज द्वारा किए गए आयोजन को अनुकरणीय पहल बताया।
ग्राम पंचायत भरदाकला के सरपंच क्रांतिभूषण ने कहा कि कार्यक्रम में महिलाओं के सम्मान को विशेष प्राथमिकता दी गई। उन्होंने कहा कि समाज की प्रगति में महिलाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है और उनके सम्मान एवं सहभागिता के बिना सामाजिक विकास अधूरा है। कार्यक्रम के माध्यम से सामाजिक रीति-रिवाजों और परंपराओं की जानकारी भी साझा की गई।
बड़ी संख्या में समाजजन हुए शामिल
कार्यक्रम में पूर्व विधायक गुंडरदेही वीरेंद्र साहू, विधायक खुज्जी छन्नी साहू, प्रदेश साहू संघ छत्तीसगढ़ की संयोजक श्रीमती दिव्या कलिहारी, पूर्व जनपद अध्यक्ष सुचित्रा साहू, प्रदेश साहू संघ की सहसंयोजक धारा चौधरी, जनपद सदस्य एवं कोषाध्यक्ष चंदन साहू, नगर पालिका बालोद अध्यक्ष प्रतिभा चौधरी, संगठन मंत्री पवन सोनवर्षा, जनपद सदस्य टूकेश्वरी भूपेंद्र साहू, जिला पंचायत सदस्य मीना उमाशंकर साहू, जिला साहू संघ बालोद अध्यक्ष महेंद्र साहू, जनपद सदस्य नेम चुम्मन साहू, इंद्र कुमार बनपेला, पुष्पा चौधरी, वामन साहू तथा पूर्व सरपंच खुरसुल प्रदीप सहित साहू समाज के पदाधिकारी, महिलाएं एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिला प्रतिभागियों एवं विजेताओं को सम्मानित किया गया। आयोजन ने तीजा-पोरा की परंपरा के साथ महिला सम्मान, सहभागिता और सामाजिक एकजुटता का संदेश दिया।

