वर्षों से दर्द झेल रही जमुनाबाई को राहत, हादसे में घायल रामप्रसाद को मिला नया सहारा; शासकीय योजना से निःशुल्क हुआ जटिल उपचार
बालोद, 24 सितंबर 2026। जिले की स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में जिला चिकित्सालय बालोद ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। जिला अस्पताल के इतिहास में पहली बार एक ही दिन घुटना प्रत्यारोपण और कूल्हा प्रत्यारोपण जैसे जटिल ऑपरेशन सफलतापूर्वक किए गए। दोनों मरीजों का उपचार शासकीय स्वास्थ्य योजनाओं के माध्यम से किया गया, जिससे उन्हें महंगे निजी अस्पतालों में इलाज कराने की जरूरत नहीं पड़ी।
वर्षों पुराने दर्द से मिली जमुनाबाई को राहत
ग्राम परसतराई निवासी 54 वर्षीय श्रीमती जमुनाबाई कई वर्षों से घुटनों के दर्द से परेशान थीं। दर्द के कारण उनके लिए चलना-फिरना और रोजमर्रा के काम करना भी मुश्किल हो गया था। जिला अस्पताल में अस्थि रोग विशेषज्ञ से जांच कराने पर एक्स-रे में दोनों घुटनों की हड्डियों में गंभीर घिसाव पाया गया।
चिकित्सकों की सलाह और देखरेख के बाद जमुनाबाई ने ऑपरेशन के लिए सहमति दी। चिकित्सकीय टीम ने उनके दोनों घुटनों का सफल प्रत्यारोपण किया।
छत से गिरने के बाद कूल्हे का प्रत्यारोपण
ग्राम जुंगेरा निवासी 43 वर्षीय श्री रामप्रसाद करीब एक महीने पहले छत से गिरकर घायल हो गए थे। हादसे में उनके कूल्हे की हड्डी गंभीर रूप से टूट गई थी। प्रारंभ में उन्होंने पारंपरिक जड़ी-बूटी और देशी उपचार का सहारा लिया, लेकिन दर्द और परेशानी बढ़ने के बाद उन्हें जिला अस्पताल लाया गया।
जांच के बाद चिकित्सकों ने कूल्हे के जोड़ के प्रत्यारोपण की आवश्यकता बताई। इसके बाद चिकित्सकीय टीम ने उनका कूल्हा प्रत्यारोपण ऑपरेशन सफलतापूर्वक किया।
चिकित्सकीय टीम के समर्पण से मिली सफलता
कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देश तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जे.एल. उइके और सिविल सर्जन डॉ. आर.के. श्रीमाली के मार्गदर्शन में दोनों मरीजों के आवश्यक परीक्षण 23 सितंबर को पूरे किए गए।
अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. पंकज कुमार सोरी के नेतृत्व में चिकित्सकीय टीम ने दोनों ऑपरेशन किए। टीम में डॉ. अविनाश मण्डावी, डॉ. एन.के. साहू, डॉ. कल्याण, श्रीमती एस. देवदास, श्रीमती पिंकी साहू, श्रीमती एस. नेताम, श्रीमती संगीता सोनी, श्री चैतराम, श्रीमती भगवती अमरिया सहित नर्सिंग एवं पैरामेडिकल स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
शासकीय अस्पताल में मिला जटिल उपचार
जिला अस्पताल में शासकीय स्वास्थ्य योजनाओं के माध्यम से जटिल और खर्चीले उपचार की सुविधा मिलने से दोनों मरीजों और उनके परिजनों को बड़ी राहत मिली। ऑपरेशन के बाद मरीजों और उनके परिजनों ने चिकित्सकीय टीम, जिला अस्पताल प्रबंधन तथा शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
जिला अस्पताल में एक ही दिन दो जटिल प्रत्यारोपण ऑपरेशन की सफलता को जिले की स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।


