प्रथम स्थान हासिल कर शासकीय प्राथमिक विद्यालय और गांव का नाम किया रोशन
बालोद। बच्चों की प्रतिभा को उचित दिशा, अवसर और प्रोत्साहन मिले तो वे अपनी क्षमता को बेहतर ढंग से सामने ला सकते हैं। इसका उदाहरण संकुल पुरूर में आयोजित ‘मेरे सपनों के भारत’ भाषण प्रतियोगिता में ग्राम चिटौद की छात्रा प्रेरणा तारम ने पेश किया। शासकीय प्राथमिक विद्यालय चिटौद की कक्षा पांचवीं की छात्रा प्रेरणा ने प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल कर विद्यालय और गांव का नाम रोशन किया।
संकुल समन्वयक दिलीप कुमार साहू के नेतृत्व में आयोजित प्रतियोगिता में प्रेरणा तारम ने भाषण तथा पलक कोर्राम ने चित्रकला प्रतियोगिता में भाग लिया। प्रेरणा ने अपने भाषण में आजादी के बलिदानी वीर सपूतों के सम्मान, पर्यावरण संरक्षण, विकसित भारत, स्वच्छ भारत, डिजिटल इंडिया और आत्मनिर्भर भारत से जुड़े अपने विचार प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किए।
उनके आत्मविश्वासपूर्ण प्रस्तुतीकरण और विषय की समझ को निर्णायकों ने सराहा। भाषा शैली, आत्मविश्वास और विषय को प्रस्तुत करने के तरीके के आधार पर प्रेरणा ने प्रथम स्थान हासिल किया। संकुल प्राचार्य विद्याभूषण साहू ने उन्हें पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।
नियमित अभ्यास और मार्गदर्शन बना सफलता का आधार
विद्यालय के सहायक शिक्षक ईश्वरी कुमार सिन्हा ने बताया कि प्रेरणा की सफलता के पीछे नियमित अभ्यास, माता-पिता का सहयोग और विद्यालय परिवार का मार्गदर्शन महत्वपूर्ण रहा। उन्होंने कहा कि बच्चों को मंच और अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलने से उनके आत्मविश्वास को मजबूती मिलती है।
यह आयोजन सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत किया गया। प्रेरणा की उपलब्धि पर ग्राम सरपंच तीरथ यादव एवं समस्त पंचगण, ग्राम विकास समिति अध्यक्ष पुरुषोत्तम सिन्हा व सदस्यगण, शिक्षक परिवार निशा बघेल, शुचि साहू, लिकेश्वरी मार्कण्डेय, पालकगण एवं ग्रामीणों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए छात्रा को बधाई दी और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


