जागरूकता रैली, ड्राइंग व सेल्फी प्रतियोगिता के साथ निःशुल्क चिकित्सा शिविर का हुआ आयोजन
बालोद। 11वें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के उपलक्ष्य में आयुष मंत्रालय, भारत सरकार एवं संचालनालय आयुष, छत्तीसगढ़ शासन के निर्देश तथा जिला आयुष अधिकारी बालोद के मार्गदर्शन में शासकीय आयुर्वेद औषधालय भरदा (ट) द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। आयोजनों के माध्यम से ग्रामीणों और विद्यार्थियों को आयुर्वेद एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रमों की शुरुआत 17 सितंबर को ग्राम में जागरूकता रैली के साथ हुई। इसके बाद 18 सितंबर को शासकीय प्राथमिक शाला भरदा में ड्राइंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता की थीम “Ayurveda for a healthier tomorrow” रखी गई। कार्यक्रम में ग्राम की सरपंच श्रीमती मीराबाई ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। प्रतियोगिता में भूमिका देवांगन ने प्रथम, ईशानी साहू ने द्वितीय तथा भूपेश कुमार यादव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
सेल्फी प्रतियोगिता और निःशुल्क चिकित्सा शिविर
19 सितंबर को ग्रामवासियों के लिए सेल्फी प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसकी थीम “Selfie with rising sun” थी। प्रतियोगिता में संदीप सोनबोईर और श्रीमती उमा रंगारे विजेता रहे।
21 सितंबर को शासकीय आयुर्वेद औषधालय में ऑस्टियो-मस्कुलर व्याधियों से संबंधित निःशुल्क चिकित्सा शिविर लगाया गया। इसमें नेशनल आयुष मिशन की आयुष चिकित्सक डॉ. वैशाली देवांगन ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। 22 सितंबर को ग्रामीणों के लिए अवेयरनेस कैंप का आयोजन किया गया।
‘अग्निकर्म’ विषय पर दिया व्याख्यान
राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस 23 सितंबर को सी-मार्ट ऑडिटोरियम, बालोद में आयोजित वृहद कार्यक्रम में शासकीय आयुर्वेद औषधालय भरदा के प्रभारी चिकित्सक डॉ. अरुण छाजेड़ ने ‘अग्निकर्म’ विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने इस आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।
पूरे आयोजन में औषधालय के फार्मासिस्ट धर्मचंद निषाद, औषधालय सेवक राकेश कुमार यादव तथा पीटीएस होरी लाल यादव का विशेष सहयोग रहा।

