चित्रकला, निबंध, स्लोगन, गीत, कविता, नृत्य और नाटक के जरिए स्वच्छ विद्यालय-स्वच्छ समाज का दिया संदेश
बालोद। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय, बालोद में स्वच्छता पखवाड़े के अंतर्गत विभिन्न जागरूकता एवं रचनात्मक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। अभियान के दौरान छात्र-छात्राओं ने अपनी कक्षाओं, विद्यालय परिसर, बगीचे सहित विभिन्न स्थानों की साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया। कार्यक्रम में एनसीसी, एनएसएस, स्काउट-गाइड, जूनियर रेडक्रॉस एवं इको क्लब के विद्यार्थियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
स्वच्छता अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों ने चित्रकला, निबंध, स्लोगन, गीत, कविता, नृत्य एवं नाटक के माध्यम से साफ-सफाई के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। प्रस्तुतियों में स्वच्छ विद्यालय, स्वच्छ पर्यावरण, कचरा प्रबंधन एवं जल संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया।
विद्यार्थियों ने प्रोजेक्ट के माध्यम से समझाया कचरा प्रबंधन और जल संरक्षण
इस अवसर पर छात्रा प्रियांशी ने विद्यालय में अपशिष्ट प्रबंधन विषय पर अपना प्रोजेक्ट प्रस्तुत किया। उन्होंने विद्यालय में कचरे के उचित पृथक्करण, वैज्ञानिक प्रबंधन तथा कचरे से होने वाले प्रदूषण के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभाव की जानकारी दी।
वहीं छात्रा राशि साहू ने जल संचयन एवं जल की गुणवत्ता विषय पर प्रोजेक्ट प्रस्तुत करते हुए विद्यालय में संचालित जल व्यवस्था की जानकारी दी। उन्होंने जल संचयन के महत्व और जल संरक्षण की आवश्यकता पर प्रकाश डाला।
स्वच्छता स्वस्थ और जिम्मेदार समाज की आधारशिला
विद्यालय के प्राचार्य अरुण कुमार साहू ने कहा कि स्वच्छता पवित्रता का ही एक स्वरूप है। स्वच्छ विद्यालय मंदिर के पवित्र प्रांगण की तरह होता है। स्वच्छता संबंधी गतिविधियों से विद्यार्थियों में अच्छी आदतों का विकास होता है और वे अपने आसपास की स्वच्छता के प्रति जागरूक रहते हैं। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि स्वस्थ एवं जिम्मेदार समाज के निर्माण की आधारशिला है। विद्यालय में सीखी गई स्वच्छता की आदतें जब विद्यार्थी अपने घर और समाज तक पहुंचाते हैं, तो इससे सकारात्मक बदलाव आता है।
प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने हासिल किए स्थान
स्वच्छता संबंधी रचनात्मक गतिविधियों में स्लोगन प्रतियोगिता में भूषण, हर्ष एवं यामिनी ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया। भूमिका ने भी प्रतियोगिता में सहभागिता की।
निबंध प्रतियोगिता के जूनियर विंग में सूरज धनकर, भूषण एवं जिगर कुमार तथा सीनियर विंग में ताम्रध्वज कौशल, विवेक साहू एवं निखिल निषाद ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया।
ड्राइंग प्रतियोगिता के जूनियर विंग में छवि, मौली एवं तारिणी तथा सीनियर विंग में इशिता, टोमेश्वरी एवं श्वेता ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान हासिल किया।
स्वच्छता पखवाड़े के सफल आयोजन में विद्यालय की श्रीमती रुक्मणी ठाकुर, हर्षा ठक्कर, अर्चना साहू, नीलम पांडे, प्रधान पाठिका सुषमा तिवारी, लक्ष्मी साहू, दीप्ति डड़सेना, केशरीकांत साहू एवं दिनेश साहू सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने सक्रिय सहभागिता एवं योगदान दिया। कार्यक्रम का संचालन लक्ष्मी साहू ने किया।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों ने स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने तथा स्वच्छ विद्यालय, स्वच्छ समाज और स्वच्छ पर्यावरण के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लिया।



