वन विभाग के दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों की बैठक में स्थायीकरण और वरीयता सूची पर चर्चा

Darshan Balod
0

 



कार्यभारित आकस्मिक सेवा के साथ 3,630 पदों और स्थायीकरण के 3,370 पदों को लेकर हुई विस्तृत चर्चा

बालोद। वन विभाग में कार्यरत दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों की कार्यभारित आकस्मिक सेवा एवं स्थायीकरण सहित विभिन्न मांगों को लेकर रविवार, 13 सितंबर 2026 को नीलाम हाल, बालोद में बैठक आयोजित की गई। बैठक में बालोद वनमंडल में कार्यरत दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की।

जिला अध्यक्ष मिनेश सिन्हा की अगुवाई में आयोजित बैठक में वनमंडल स्तरीय वरीयता सूची में कर्मचारियों के नाम जोड़ने तथा सूची में दर्ज त्रुटियों को सुधारने सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। कर्मचारियों ने कार्यभारित आकस्मिक सेवा और स्थायीकरण की प्रक्रिया को लेकर भी अपनी बात रखी।

बैठक में आकस्मिक कार्यभारित सेवा से संबंधित 3,630 पदों तथा स्थायीकरण से संबंधित 3,370 पदों को लेकर चर्चा की गई। इसके अलावा प्रदेश स्तर से दिए गए निर्देशों की जानकारी सदस्यों को दी गई तथा उनके क्रियान्वयन को लेकर विचार-विमर्श किया गया।

सदस्यता शुल्क और वरीयता सूची पर भी चर्चा

बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर सभी सदस्यों से वर्ष 2025 एवं 2026 का सदस्यता शुल्क जमा करने की अपील की गई। वहीं वनमंडल स्तरीय वरीयता सूची में नाम, वरिष्ठता एवं अन्य विवरणों की समीक्षा कर आवश्यक त्रुटि सुधार के संबंध में भी चर्चा हुई।

दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों की सेवा से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों एवं समस्याओं को भी बैठक में रखा गया। कर्मचारियों ने कहा कि लंबे समय से कार्यरत दैनिक वेतनभोगियों की सेवा संबंधी समस्याओं का नियमानुसार निराकरण होना आवश्यक है।

बैठक में संभाग अध्यक्ष संतोष सोनी, जिलाध्यक्ष मिनेश सिन्हा, जिला उपाध्यक्ष भरत निर्मलकर, जिला सचिव धनेश्वर साहू, वैभव घड़ोले, श्रवण निषाद, जितेन्द्र यादव, श्रीमती पवन बाई, अंजु दुबे, रोहिणी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top