बालोद शहर में पुलिस का फ्लैग मार्च, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष फोकस

Darshan Balod
0

 






नाबालिगों के वाहन चलाने पर कार्रवाई, 5 परिजनों को समझाइश और एक पर ₹2 हजार का चालान

बालोद। शहर में कानून-व्यवस्था, सुरक्षा, शांति और सुचारू यातायात व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से बालोद पुलिस ने 23 सितंबर की शाम शहर में फ्लैग मार्च किया। पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण के नेतृत्व में निकाले गए फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस बल ने शहर के प्रमुख मार्गों और क्षेत्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस ने आमजन की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था को लेकर सतर्कता बरती। पुलिस की सक्रिय मौजूदगी के माध्यम से नागरिकों को सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण का संदेश दिया गया। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और संभावित अव्यवस्था को रोकने के लिए आवश्यक निगरानी की गई।

नाबालिग वाहन चालकों पर भी कार्रवाई

फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस ने नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के मामलों पर भी विशेष ध्यान दिया। पुलिस के अनुसार 5 नाबालिग वाहन चालकों के परिजनों को समझाइश देकर बच्चों को वाहन नहीं चलाने की हिदायत दी गई। वहीं, एक नाबालिग के परिजन के विरुद्ध ₹2,000 की चालानी कार्रवाई की गई।

बालोद पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति न दें। पुलिस का कहना है कि नाबालिगों द्वारा वाहन चलाना उनके साथ-साथ सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों के लिए भी जोखिम पैदा कर सकता है। पुलिस ने नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने और शहर में शांति एवं व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top