सनौद पुलिस ने सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर की कार्रवाई
बालोद। थाना सनौद पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गई बजाज पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक CG-07-AQ-5597 बरामद की है। बरामद मोटरसाइकिल की अनुमानित कीमत करीब 30 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार ग्राम बोहारा निवासी दयानंद बंसोड़ (34 वर्ष) ने 2 सितंबर 2026 को थाना सनौद में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक 1 सितंबर को करीब दोपहर 12:30 बजे ग्राम अरकार स्थित शराब दुकान के पास खड़ी उनकी बजाज पल्सर मोटरसाइकिल को अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया था। रिपोर्ट पर थाना सनौद में अपराध क्रमांक 100/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपी तक पहुंची पुलिस
विवेचना के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच के साथ तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पतासाजी की। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान प्रवीण कुमार गायकवाड़ (29 वर्ष), पिता दशरथ गायकवाड़, निवासी ग्राम गुडियारी, थाना जामगांव (आर.), जिला दुर्ग के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की तो उसके द्वारा चोरी की गई बजाज पल्सर मोटरसाइकिल को अपने घर में छिपाकर रखना बताया गया। इसके बाद पुलिस टीम आरोपी को ग्राम गुडियारी ले गई, जहां गवाहों की मौजूदगी में उसके घर से चोरी गई मोटरसाइकिल बरामद कर पुलिस ने अपने कब्जे में ले ली।
पुलिस के अनुसार मामले में अपराध घटित करना पाए जाने पर प्रवीण कुमार गायकवाड़ को गिरफ्तार किया गया है। प्रकरण से जुड़े अन्य तथ्यों और साक्ष्यों की जांच करते हुए नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक किरण गंगा राम चौहान, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना के निर्देशन तथा एसडीओपी गुरुर श्रीमती माया शर्मा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सनौद निरीक्षक सोन सिंह सोरी के नेतृत्व में की गई।
कार्रवाई में निरीक्षक सोन सिंह सोरी, सहायक उपनिरीक्षक नंदलाल साहू, प्रधान आरक्षक हीरदे राम कोलियारा, आरक्षक टिकेश यादव, दमन वर्मा और टिकेंद्र सोरी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


