विकासखंड स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन, जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित
बालोद। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विकासखंड स्तरीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन विद्यालय कुंडा देवी में किया गया। प्रतियोगिता में विकासखंड की विभिन्न प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शालाओं के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
गुरु बालक दास शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला गोडेला की छात्रा सोनम साहू एवं खुशबू साहू ने चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता में भाग लिया। चित्रकला प्रतियोगिता में खुशबू साहू ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त किया। इसके साथ ही उनका चयन जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ। छात्रा की इस उपलब्धि से विद्यालय एवं क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।
प्रतियोगिता के दौरान निर्णायकगणों ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों और प्रतिभा का मूल्यांकन किया, जिसके बाद परिणाम घोषित किए गए। कार्यक्रम में विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्रीमती श्रद्धा ठाकुर, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री खेमराज साहू एवं बीआरसी श्री ठाकुर सर की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस अवसर पर शाला प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों ने प्रतिभागी विद्यार्थियों को आशीर्वाद एवं सम्मान प्रदान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। विद्यालय परिवार ने खुशबू साहू की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उसे जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।
विद्यालय प्रबंधन ने विद्यार्थियों को मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन देने वाले अधिकारियों, निर्णायकगणों, शिक्षकों तथा शाला प्रबंधन समिति के प्रति आभार व्यक्त किया।


