शिक्षक दिवस पर सम्मान पत्र एवं पेन भेंट कर बढ़ाया शिक्षकों का उत्साह, शिक्षा और संस्कारों में योगदान की सराहना
दल्ली राजहरा। शिक्षक दिवस के अवसर पर ग्राम पंचायत धोतिमटोला द्वारा क्षेत्र के शिक्षकों के सम्मान में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान सरपंच श्रीमती गंगो बाई गौर, उपसरपंच नरेश करपाल, ग्राम पटेल सोमन लाल गौर सहित पंचों एवं ग्राम पंचायत के सदस्यों ने शिक्षकों को सम्मान पत्र एवं पेन भेंट कर सम्मानित किया।
इन शिक्षकों का हुआ सम्मान
कार्यक्रम में शासकीय प्राथमिक शाला दारूटोला से सोहन सिंह मरकाम, लीलाधर ठाकुर एवं ज्योति सिंह को सम्मानित किया गया। वहीं शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला एवं प्राथमिक शाला धोतिमटोला से अशोक कुमार यादव, राकेश गौर, परमेश्वरी खोबरागड़े एवं बसंत कुमार खरे तथा साथी संगवारी गुरुजी पूजा ठाकुर का भी सम्मान किया गया।
बच्चों के भविष्य निर्माण में शिक्षक महत्वपूर्ण
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने शिक्षकों के शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे योगदान की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षक समाज निर्माण और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ग्रामीण अंचलों में शिक्षक केवल पाठ्यक्रम तक सीमित नहीं रहते, बल्कि विद्यार्थियों में संस्कार, अनुशासन, रचनात्मकता, नैतिक मूल्यों एवं सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का कार्य भी करते हैं।
सम्मान से बढ़ता है दायित्व का भाव
सम्मानित शिक्षकों ने ग्राम पंचायत द्वारा किए गए इस आत्मीय सम्मान के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों का सम्मान उनके लिए केवल एक सम्मान नहीं, बल्कि समाज और बच्चों के प्रति अपने दायित्व को और अधिक समर्पण के साथ निभाने की प्रेरणा है।
कार्यक्रम के दौरान सम्मान एवं आत्मीयता का माहौल रहा। ग्राम पंचायत धोतिमटोला की इस पहल की ग्रामीणों एवं शिक्षा जगत से जुड़े लोगों ने सराहना की। उपस्थित लोगों ने कहा कि शिक्षकों का सम्मान वास्तव में शिक्षा, संस्कार और समाज के उज्ज्वल भविष्य का सम्मान है।


