महावीर गौशाला में धूमधाम से मनी कृष्ण जन्माष्टमी

Darshan Balod
0

 



मध्यरात्रि 12 बजे शंख-घंटियों की मंगल ध्वनि के बीच हुआ श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, दही लूट और रास-गरबा ने बांधा समां

बालोद। श्री महावीर गौशाला एवं अनुसंधान केंद्र, बालोद में प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व भक्तिमय एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर गौशाला परिसर स्थित मंदिर में भगवान गोपाल कृष्ण की आकर्षक सजावट की गई। वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ विशेष पूजा-अर्चना और महाआरती संपन्न हुई।

गौमाता की पूजा कर किया गौसेवा का लाभ

जन्माष्टमी के अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण की प्रिय गौमाताओं की विशेष पूजा-अर्चना की गई। श्रद्धालुओं ने गौवंश को गुड़, हरा चारा एवं विशेष भोग अर्पित कर गौसेवा का लाभ लिया। संध्याकाल से ही गौशाला परिसर में भजन-कीर्तन शुरू हो गया था। दीपों एवं फूलों से सजे गौशाला परिसर में देर शाम से ही भक्तिमय वातावरण बना रहा।

12 बजे गूंजा श्रीकृष्ण जन्मोत्सव

मध्यरात्रि ठीक 12 बजे शंख एवं घंटियों की मंगल ध्वनि के बीच भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया गया। इसके बाद भगवान को छप्पन भोग अर्पित किया गया तथा श्रद्धालुओं को चरणामृत एवं पंजीरी का महाप्रसाद वितरित किया गया।

इसके पश्चात नन्हे बच्चों एवं महावीर गौशाला के सदस्यों ने सामूहिक रूप से भजन-कीर्तन प्रस्तुत किया। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों और भक्तिमय भजनों से पूरा गौशाला परिसर कृष्ण भक्ति में सराबोर हो गया। श्रद्धालु भी भजनों के साथ भाव-विभोर होकर भक्तिरस में डूबे नजर आए।

दही लूट और रास-गरबा ने बढ़ाया उत्साह

कार्यक्रम के अगले चरण में दही लूट का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों एवं श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इसके बाद रास-गरबा का आयोजन हुआ, जिसमें उपस्थित लोगों ने भक्तिमय वातावरण में उत्साह के साथ भाग लिया। देर रात तक गौशाला परिसर में भक्ति और उल्लास का माहौल बना रहा।

समिति पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक रहे मौजूद

इस अवसर पर गौशाला समिति के पदाधिकारी, सदस्य एवं नगर के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने भगवान श्रीकृष्ण एवं गौमाता से क्षेत्र में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

कार्यक्रम के अंत में गौशाला के सचिव विनय सोनी ने उपस्थित श्रद्धालुओं, समिति सदस्यों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर संस्थान के अध्यक्ष समीर गुप्ता, सचिव विनय सोनी, सदस्य छोटेलाल चंद्राकर, जितेन्द्र सोनी, योगेश साहू, राज सोनी, अंकेश, देवव्रत, रेखा, शीतल, पूर्वा, पूजा एवं वैशाली सहित नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top