डीजे की धुन पर निकली श्रीकृष्ण की झांकी, पारंपरिक राउत नाचा-गान ने बांधा समां
डौंडीलोहारा। वनांचल ग्राम चिलमगोटा में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर शनिवार को यादव समाज के तत्वावधान में भव्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। आयोजन में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई और पूरा गांव कृष्ण भक्ति में सराबोर नजर आया।
श्रीकृष्ण की मूर्ति के साथ डीजे की धुन पर गांव में गली भ्रमण कराया गया। इसके बाद पारंपरिक वाद्ययंत्रों की धुन पर राउत नाचा एवं गान प्रस्तुत किया गया। राउत नाचा के दौरान कलाकारों ने अपनी पारंपरिक कला और संस्कृति की मनमोहक प्रस्तुति देकर ग्रामीणों का मन मोह लिया।
दही लूट में दिखा उत्साह
कार्यक्रम के दौरान आयोजित दही लूट ने भी लोगों में खासा उत्साह भर दिया। महिला-पुरुषों सहित बच्चों ने आयोजन का आनंद लिया। राउत नाचा, गान और दही लूट के दौरान पूरा गांव कृष्णमय हो गया।
कार्यक्रम में यादव समाज के साथ-साथ ग्राम के महिला-पुरुषों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। आयोजन को सफल बनाने में समस्त ग्रामवासियों का सहयोग रहा।
यादव समाज ने निभाई मुख्य भूमिका
कार्यक्रम में यादव समाज के अध्यक्ष सुकालू राम यादव, खोरबहरा यादव, अंकलू यादव, सचिव मेघलाल यादव, गणपत यादव सहित यादव समाज के समस्त सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ छत्तीसगढ़ की पारंपरिक लोक संस्कृति और राउत नाचा की जीवंत झलक प्रस्तुत करने वाला रहा।
नेमन साहू, रेंगाडबरी

