19 सितंबर को बाजार चौक में पटपर झांकी, माता काली डोंगरगढ़ की होगी आकर्षक प्रस्तुति
बालोद/डौंडीलोहारा। गणेश उत्सव के अवसर पर यशस्वी ग्रुप बड़गांव द्वारा इस वर्ष भगवान श्री गणेश की अनूठी प्रतिमा स्थापित की गई है, जो इन दिनों ग्राम बड़गांव में कौतूहल और आकर्षण का विषय बनी हुई है। छत्तीसगढ़ महतारी की गोद में विराजित भगवान श्री गणेश की यह विशेष मुद्रा श्रद्धालुओं का ध्यान आकर्षित कर रही है। प्रतिमा के माध्यम से छत्तीसगढ़ की संस्कृति, मातृत्व और धार्मिक आस्था का सुंदर भाव प्रस्तुत किया गया है।
गणेश चतुर्थी के अवसर पर यशस्वी ग्रुप द्वारा विधि-विधान से प्रतिमा की स्थापना की गई। प्रतिमा में छत्तीसगढ़ महतारी को मां पार्वती के स्वरूप में दर्शाते हुए उनकी गोद में भगवान गणेश को विराजमान किया गया है। प्रतिमा की इसी अनूठी कल्पना और मुद्रा को देखने के लिए ग्रामीणों एवं श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है।
ग्राम बड़गांव में स्थापित यह अनूठी प्रतिमा लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। ग्रामीण और श्रद्धालु प्रतिमा को देखने पहुंच रहे हैं तथा इसकी भावपूर्ण प्रस्तुति को काफी पसंद कर रहे हैं।
19 सितंबर को पटपर झांकी का आयोजन
यशस्वी ग्रुप बड़गांव द्वारा 19 सितंबर को दोपहर 1 बजे बाजार चौक में धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में पटपर झांकी, माता काली डोंगरगढ़ की आकर्षक प्रस्तुति होगी, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी।
आयोजन को लेकर यशस्वी ग्रुप के सदस्यों एवं ग्रामीणों में उत्साह का माहौल है। यशस्वी ग्रुप के संचालक युगल किशोर साहू ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आनंद लेने की अपील की है।


