सगरी सजाकर माताओं ने की पूजा, संतान की सुख-समृद्धि के लिए रखा कमरछठ व्रत

Darshan Balod
0

 




बालोद जिले में श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया गया हलषष्ठी पर्व, जगह-जगह हुई सामूहिक सगरी पूजा

बालोद। संतान की सुख-समृद्धि, दीर्घायु, अच्छे स्वास्थ्य और मंगलकामना के लिए मनाया जाने वाला पारंपरिक हलषष्ठी यानी कमरछठ पर्व बुधवार को बालोद जिले में श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया गया। इस अवसर पर महिलाओं ने विधि-विधान से सगरी सजाकर पूजा-अर्चना की और अपनी संतान के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए व्रत रखा।

पर्व को लेकर सुबह से ही शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक धार्मिक और उत्सवी माहौल रहा। महिलाओं ने अपने-अपने मोहल्लों और गांवों में सामूहिक रूप से सगरी तैयार की। बालोद शहर के गंगासागर तालाब तट, आमापारा, कुर्मीपारा, नयापारा सहित विभिन्न स्थानों पर सगरी पूजा का आयोजन हुआ। वहीं जगन्नाथपुर, हीरापुर, सिवनी, उमरादाह, बेलमांड, बोड़की सहित ग्रामीण क्षेत्रों में भी महिलाओं ने एकत्र होकर पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पूजा-अर्चना की।

पारंपरिक पूजन सामग्री से सजी सगरी

हलषष्ठी पूजा में पारंपरिक पूजन सामग्री का विशेष महत्व रहा। महिलाओं ने सगरी को आकर्षक ढंग से सजाकर उसमें पूजन सामग्री अर्पित की और विधि-विधान से पूजा की। पसारी/पसहर चावल, महुआ, छह प्रकार की भाजियां और भैंस के दूध सहित पर्व में उपयोग होने वाली अन्य पारंपरिक सामग्रियों की व्यवस्था की गई।

पर्व से एक दिन पहले मंगलवार को बाजारों में पूजन सामग्री की खरीदारी को लेकर भी काफी रौनक रही। विशेष रूप से भैंस के दूध, पसहर चावल, महुआ और विभिन्न प्रकार की भाजियों की मांग बढ़ी रही।

लोकपरंपरा और आस्था का अनूठा संगम

हलषष्ठी केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति और पारंपरिक जीवनशैली से भी गहराई से जुड़ा हुआ है। सगरी पूजा के दौरान महिलाओं ने सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना कर सदियों से चली आ रही लोकपरंपराओं और मान्यताओं का पालन किया।

व्रत एवं पूजा के माध्यम से माताओं ने अपनी संतान की दीर्घायु, अच्छे स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की। सामूहिक सगरी पूजा के दौरान महिलाओं में उत्साह और श्रद्धा का विशेष माहौल देखने को मिला।

बालोद जिले में भी हर वर्ष की तरह इस बार कमरछठ पर्व श्रद्धा, उत्साह और पारंपरिक रंग के साथ मनाया गया। पर्व ने एक बार फिर छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति और पारिवारिक परंपराओं की झलक प्रस्तुत की।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top