उज्जैन में राज्य स्तरीय बैडमिंटन टूर्नामेंट में दिखाएंगे दम, तीन खिलाड़ियों का चयन
डोंडी लोहारा। सरस्वती शिशु मंदिर डोंडी लोहारा के तीन होनहार खिलाड़ियों ने अपनी कड़ी मेहनत, लगन और उत्कृष्ट खेल प्रतिभा के दम पर राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में स्थान बनाकर विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन किया है। विद्यालय के टिकेंद्र अटल, कपिल एवं चैतन्य का चयन मध्य प्रदेश के उज्जैन में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय बैडमिंटन टूर्नामेंट के लिए हुआ है। तीनों खिलाड़ी प्रतियोगिता में अपना दमखम दिखाएंगे।
इस उपलब्धि में विशेष रूप से तीरथ अटल के सुपुत्र टिकेंद्र अटल की सफलता उल्लेखनीय है। टिकेंद्र ने अपने पहले ही प्रयास में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है। ग्रामीण अंचल के एक विद्यालय से निकलकर राज्य स्तर की प्रतियोगिता तक पहुंचना न केवल खिलाड़ियों बल्कि विद्यालय, अभिभावकों और पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है।
विद्यालय परिवार ने खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है। विद्यालय की प्राचार्या एवं समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने तीनों खिलाड़ियों को आगामी मुकाबलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने और विजय हासिल करने के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
विद्यालय परिवार ने कहा कि खिलाड़ियों की यह सफलता अन्य विद्यार्थियों को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।

